रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े 700 सहायक प्राध्यापकों (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। नवा रायपुर में 1 जुलाई को आयोजित उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस संबंध में बड़ा निर्णय लेते हुए 700 रिक्त पदों पर अविलंब भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की हरी झंडी दे दी।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
700 पदों पर होगी सहायक प्राध्यापकों की सीधी भर्ती
बैठक में यह भी तय किया गया कि 31 जुलाई तक सभी स्नातक महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए. वहीं, 2019 से पहले नियुक्त सहायक प्राध्यापकों को पुराने नियमों के तहत पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा. वरिष्ठ और प्रवर श्रेणी वेतनमान से संबंधित सूची भी जल्द जारी की जाएगी. उच्च शिक्षा विभाग ने अतिथि प्राध्यापकों की सेवा शर्तों में सुधार पर भी सकारात्मक संकेत दिए हैं और इस संबंध में जल्द निर्णय लेने की बात कही है. इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती राज्य कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी.
इन चीजों के लिए दिए निर्देश
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों की अंग्रेजी दक्षता बढ़ाने के लिए ‘90 घंटे, 90 दिन’ अंग्रेजी संप्रेषण पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा. साथ ही सभी कॉलेजों में शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने वित्तीय अनुशासन पर जोर देते हुए कहा है कि बजट जारी करने से पहले प्रशासनिक मंजूरी अनिवार्य होगी.
वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में भी लागू किया जाएगा. प्रशासनिक सुधारों के तहत अपर संचालक और प्राचार्य के पदों को अलग-अलग किया जाएगा, जबकि प्राचार्यों के कार्यकाल का विशेष ऑडिट भी कराया जाएगा, ताकि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके.


















