ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ाया गांजा तस्कर, लाखों का गांजा बरामद

रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रायपुर और आबकारी विभाग रायपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.570 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 78 हजार 500 रुपये बताई गई है। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम सिंह (22 वर्ष) निवासी ग्राम बीरपुर, पोस्ट शुकुलपुर, थाना मेजा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से कुल 14 पैकेटों में भरा गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा कटक (ओडिशा) से लेकर रायपुर आया था और इसे नागपुर के रास्ते मुंबई ले जाने की योजना थी। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा पाया गया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट रायपुर के प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक एजेड चौधरी, उप निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक पीके मेश्राम, आरक्षक संदीप गिरी तथा आबकारी विभाग रायपुर के जिला आबकारी अधिकारी टेक बहादुर कुर्रे एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजा को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग रायपुर को सौंप दिया गया है। आबकारी विभाग के वृत सिविल लाइन रायपुर द्वारा आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

रेलवे सुरक्षा बल ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे परिसरों को अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। संयुक्त कार्रवाई के चलते अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करने में सफलता मिली है।

What's your reaction?

Related Posts