रायपुर नगर निगम में शहर में जलभराव की समस्या और मानसून की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे तथा शहर में जल निकासी व्यवस्था को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान सभाकक्ष की छत से अचानक पानी टपकने लगा। छत से पानी गिरता देख बैठक में मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर चला गया। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। विडंबना यह रही कि जिस बैठक में शहर के जलभराव और जल निकासी की समस्याओं पर मंथन हो रहा था, उसी बैठक कक्ष में छत से पानी टपकने की घटना ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।
नगर निगम सभाकक्ष में टपकने लगी छत
दरअसल, बैठक शहर में जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान लोगों के सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही थी. इस दौरान निगम मुख्यालय में ही छतों से जगह-जगह पानी टपकने लगा. जिसका वीडियो सामने आया है.
नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना
बता दें कि नालों की सफाई के लिए निगम ने 2026-27 के बजट में करीब 3 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. यह राशि पिछले साल के लगभग 2 हजार करोड़ रुपए के बजट की तुलना में काफी ज्यादा है. वहीं, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी अख़बारों की कतरनों से बनी लाइफ जैकेट लेकर सामान्य सभा पहुंचे. उन्होंने नगर निगम की ट्रिपल इंजन की सरकार को फेल बताया.
रायपुर के कई इलाकों में भरा पानी
बता दें कि पिछले 48 घंटे से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. तेज बारिश के कारण कई शहरों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. रायपुर के टाटीबंध सहित कई निचले इलाकों में घरों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इधर, रायपुर मेयर मीनल चौबे ने सोमवार को जलभराव से प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया.
बारिश का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसे देखते हुए 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.


















