ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अपराध

दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी और एक नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

अभनपुर और राखी क्षेत्र से चोरी की गईं पांच बाइक बरामद, दो लाख रुपये की संपत्ति जब्त

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना अभनपुर और राखी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम संकरी निवासी रोशन साहू ने थाना अभनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 14 मार्च 2026 को वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से शनिचरी बाजार, अभनपुर सब्जी खरीदने गया था। बाजार में मोटरसाइकिल खड़ी कर जब वह वापस लौटा तो वाहन वहां से गायब था। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दोपहिया वाहन चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना अभनपुर पुलिस की टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर अभनपुर निवासी आकाश लहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी संदीप कुमार सिंह और एक नाबालिग के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने संदीप कुमार सिंह और विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अभनपुर क्षेत्र से चार और राखी क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पांच चोरी की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गईं। बरामद वाहनों में तीन एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी और एक लियो मोटरसाइकिल शामिल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले के खुलासे और वाहन बरामदगी में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश लहरे (20 वर्ष) और संदीप कुमार सिंह (18 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खोला, थाना अभनपुर शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।

What's your reaction?

Related Posts