रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद कई वाहनों के अचानक बंद होने की शिकायत सामने आई। एक के बाद एक कई वाहन प्रभावित होने पर बड़ी संख्या में ग्राहक पेट्रोल पंप पहुंच गए और ईंधन की गुणवत्ता को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के बाद कुछ दूरी तय करते ही कई वाहनों में झटके आने लगे और इंजन बंद हो गया। शुरुआत में इसे सामान्य तकनीकी खराबी माना गया, लेकिन कई वाहनों में एक जैसी समस्या आने पर वाहन मालिकों ने मैकेनिक से जांच कराई। जांच के दौरान कुछ वाहनों के पेट्रोल टैंक में पानी मिलने की बात सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया।

सूचना मिलते ही प्रभावित ग्राहक पेट्रोल पंप पहुंचे और खराब ईंधन से आर्थिक नुकसान होने का आरोप लगाया। स्थिति को देखते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन ने एहतियातन संबंधित डिस्पेंसर से पेट्रोल की बिक्री तत्काल बंद कर दी।
पेट्रोल पंप संचालक सुभाष शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही प्रभावित ग्राहकों को पेट्रोल की राशि वापस कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तकनीकी गड़बड़ी किस वजह से हुई, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच कराई जा रही है।
इंडियन ऑयल को भेजी गई सूचना
पंप प्रबंधन ने घटना की सूचना इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) को दे दी है। कंपनी की तकनीकी टीम और संबंधित कांट्रेक्टर को मौके पर बुलाया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईंधन में पानी कैसे मिला। देर रात तक तकनीकी टीम के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण जांच शुरू नहीं हो सकी थी।
वाहन चालकों ने की नुकसान की भरपाई की मांग
प्रभावित ग्राहकों का कहना है कि केवल पेट्रोल की राशि लौटाना पर्याप्त नहीं है। कई वाहनों को वर्कशॉप तक ले जाना पड़ा और मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ा। वाहन मालिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।
जांच पूरी होने तक बंद रहेगी सप्लाई
पेट्रोल पंप प्रबंधन के अनुसार संबंधित डिस्पेंसर की सप्लाई फिलहाल बंद कर दी गई है। तकनीकी जांच पूरी होने और कारण स्पष्ट होने के बाद ही दोबारा ईंधन आपूर्ति शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। इस घटना के बाद राजधानी में ईंधन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पेट्रोल में पानी मिलने की संभावित वजहें
विशेषज्ञों के अनुसार भूमिगत ईंधन टैंक में पानी पहुंचने के पीछे कई तकनीकी कारण हो सकते हैं। लगातार बारिश के दौरान टैंक के मैनहोल या ढक्कन की सील खराब होने पर वर्षा का पानी अंदर पहुंच सकता है। पुराने या क्षतिग्रस्त भूमिगत टैंक में दरार होने पर भूजल रिस सकता है। तापमान में बदलाव से बनने वाली नमी यदि नियमित रूप से नहीं निकाली जाए तो वह भी पानी के रूप में जमा हो सकती है। इसके अलावा डिपो से टैंकर के जरिए ईंधन की आपूर्ति या अनलोडिंग के दौरान तकनीकी खामी होने पर भी दूषित ईंधन पंप तक पहुंचने की संभावना रहती है।

















