ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित शास्त्री नगर अस्पताल में महिला डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ से कथित मारपीट के मामले में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के पार्षद रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को उनके घर से हिरासत में लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) पूरी तरह भरी हुई थी। ऐसे में डॉक्टर डॉ. सृष्टि बाविस्कर और डॉ. वैभव सालुके ने एक नवजात के परिजनों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि परिजन इस बात से नाराज हो गए और उन्होंने स्थानीय पार्षद रमेश म्हात्रे को अस्पताल बुला लिया।
आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद रमेश म्हात्रे अपने समर्थकों के साथ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से मारपीट करने लगे। वायरल वीडियो में कथित तौर पर पार्षद को एक महिला डॉक्टर पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान डॉक्टर वैभव सालुके भी घायल हो गए।
कल्याण के पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने बताया कि विष्णु नगर पुलिस थाने में दर्ज मामले के आधार पर आरोपी पार्षद को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद शिवसेना ने भी पार्षद की कार्रवाई से खुद को अलग कर लिया है। ठाणे से सांसद नरेश म्हस्के ने बयान जारी कर कहा कि पार्टी इस तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करती और आरोपी के खिलाफ आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


















