रायपुर, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए आगामी शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अब तक राज्य में स्कूलों का शैक्षणिक सत्र 16 जून से 30 अप्रैल तक संचालित होता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ भी देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर 1 अप्रैल से 31 मार्च तक शिक्षा सत्र का पालन करेगा। हालांकि, विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अवकाश पहले की तरह 1 मई से 15 जून तक रहेगा।
सत्र शुरू होते ही मिलेंगी सभी सुविधाएं
स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल को नए सत्र की शुरुआत के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली गणवेश और अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए।
पढ़ाई होगी अधिक व्यवस्थित
सरकार का मानना है कि नए शैक्षणिक कैलेंडर से विद्यार्थियों को सत्र के पहले दिन से ही आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे पढ़ाई बिना देरी के शुरू होगी, शिक्षण व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनेगी और स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।


















