ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 1000 करोड़ की ठगी, 1500 लोगों को बनाया शिकार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शेयर ट्रेडिंग और गोल्ड ETF में निवेश के नाम पर प्रदेश के सबसे बड़े निवेश घोटालों में से एक का खुलासा हुआ है. आरोप है कि पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से 1500 लोगों से करीब 1000 करोड़ रुपये की ठगी की गई. Durg Crime News

मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया गया

इस मामले के मुख्य आरोपी योगेश साहू को बुधवार को दुर्ग कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया. वह दुबई से लौटने के बाद कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद निवेशकों ने उसे पहचान लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दे दी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सुपेला थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

आरोपी ने 20 फीसदी मुनाफे का लालच दिया

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मुख्य आरोपी योगेश साहू खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट बताकर स्मृति नगर स्थित एरिना कैपिटल के नाम से शेयर ट्रेडिंग और कंसल्टेंसी का कार्यालय संचालित करता था. वह निवेशकों को शेयर ट्रेडिंग और गोल्ड ETF में निवेश पर 5 से 20 प्रतिशत तक आकर्षक मुनाफे का लालच देता था. शुरुआती दिनों में 10 प्रतिशत तक रिटर्न देकर लोगों का भरोसा जीता और बाद में करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया.

फरार आरोपियों की तलाश जारी

सुपेला पुलिस ने इस मामले में योगेश साहू, मेघा साहू, गोविंद साहू, राजेंद्र साहू, पद्मा साहू, लोमश साहू, ज्ञानप्रकाश साहू सहित अन्य साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. उन्होंने ने बताया कि फिलहाल एफआईआर में 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी दर्ज है, लेकिन जांच के दौरान यह रकम और बढ़ सकती है. अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि पहले भी योगेश साहू के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर मामले दर्ज हो चुके हैं और जैसे-जैसे नए पीड़ित सामने आएंगे, उनके आवेदन के आधार पर आगे भी प्रकरण दर्ज किए जाएंगे.

What's your reaction?

Related Posts