छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआई) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को आयोजित होगी। परीक्षा जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग (सघन जांच) और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य होगा। इन प्रक्रियाओं के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पर्यवेक्षकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
परीक्षा के दौरान नकल और अन्य अनियमितताओं पर नजर रखने के लिए उड़नदस्ता दल लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगा। वहीं परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 12 जुलाई की सुबह 7 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। सुरक्षित परिवहन के लिए नियुक्त अधिकारी सामग्री को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले संबंधित केंद्राध्यक्षों को सौंपेंगे।
कलेक्टर ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के लिए निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


















