ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Breaking News: महादेव ऑनलाइन बेटिंग मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क

Chhattisgarh Breaking News:  रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रायपुर जोनल कार्यालय ने महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से जुड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (अटैच) किया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।

ईडी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कुर्क की गई संपत्तियां विकास गर्ग, उनके परिजनों तथा उनके स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली कंपनियों और संस्थाओं से संबंधित हैं। इन संपत्तियों में आवासीय भवन, भूमि, इक्विटी शेयर और अन्य प्रतिभूतियां शामिल हैं। यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की चल रही जांच का हिस्सा है। Chhattisgarh Breaking News

ईडी ने जांच की शुरुआत छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर तथा छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर की थी। इन मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के संचालकों, प्रमोटरों और सहयोगियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं।

जांच में सामने आया कि यह सट्टेबाजी सिंडिकेट विदेशों से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित “पैनल नेटवर्क” के माध्यम से काम कर रहा था और अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध आय अर्जित कर रहा था।

ईडी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से प्राप्त अवैध धन को कई स्तरों वाली जटिल वित्तीय व्यवस्था के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया गया। इसके लिए शेल कंपनियों, फर्जी लेन-देन और नकदी आधारित एंट्री नेटवर्क का उपयोग किया गया। जांच में यह भी पता चला कि लगभग 940.77 करोड़ रुपये की कथित अवैध आय विकास गर्ग के स्वामित्व और नियंत्रण वाली कंपनियों में पहुंचाई गई थी। बाद में इस राशि को विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से घुमाकर शेयर, प्रतिभूतियों और अन्य संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल किया गया। Chhattisgarh Breaking News:

ईडी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले सात अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए जा चुके हैं। साथ ही विशेष पीएमएलए न्यायालय, रायपुर में अभियोजन शिकायतें और पूरक अभियोजन शिकायतें भी दाखिल की गई हैं, जिन पर अदालत ने संज्ञान लिया है।

इससे पहले ईडी इस मामले में लगभग 2,825 करोड़ रुपये मूल्य की चल-अचल और विदेशी संपत्तियों को कुर्क, जब्त या फ्रीज कर चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद महादेव ऑनलाइन बेटिंग मामले में अब तक कुर्क, जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य बढ़कर लगभग 3,800 करोड़ रुपये पहुंच गया है। Chhattisgarh Breaking News:

What's your reaction?

Related Posts