ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अपराध

Aajtakcg Crime News: शेयर ट्रेडिंग के झांसे में इंजीनियर से 20 लाख की साइबर ठगी

0 7 दिन में पांच किस्तों में ट्रांसफर कराए रुपए

Aajtakcg Crime News: रायपुर। राजधानी रायपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। खमतराई क्षेत्र के एक इंजीनियर को दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने महज सात दिनों के भीतर 20 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। फरवरी में हुई इस घटना की एफआईआर करीब चार महीने बाद 11 जुलाई को दर्ज की गई है। (Aajtakcg.Com)

पुलिस के अनुसार साम्राज्य रेसिडेंसी निवासी 41 वर्षीय इंजीनियर विशाल गोयल से ठगी की शुरुआत एक युवती अनिका शर्मा के फोन कॉल से हुई। उसने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए पहले विश्वास में लिया और फिर पीड़ित को शेयर ट्रेडिंग से जुड़े एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में पांच किस्तों में कुल 20 लाख रुपये जमा करा लिए।

खमतराई थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि घटना के समय पीड़ित ने केंद्रीय समन्वय पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराया गया था। हालांकि तब तक ठग खातों से राशि निकाल चुके थे। मामले में अब एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

74 लाख की ठगी में कॉल करने वाला पकड़ा, बाकी आरोपी अब भी फरार

राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 74 लाख रुपये की ठगी के मामले में करीब दो महीने बाद जयपुर निवासी मुकेश कुमार मीणा और संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मुकेश ने पीड़ित को कॉल किया था, जबकि संदीप के खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। हालांकि शेष 72 लाख रुपये जिन खातों में भेजे गए, उनके धारकों तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी है।

दो साल पुराने 45 लाख के साइबर फ्रॉड में केवल सिम विक्रेता गिरफ्तार

रायपुर रेंज साइबर थाना ने दो वर्ष पुराने 45 लाख रुपये की ठगी के मामले में मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी उमेश प्रजापति और खैरागढ़ के मनोज देवांगन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर “कौन बनेगा करोड़पति” में साढ़े पांच करोड़ रुपये का इनाम जीतने का झांसा देकर प्रमोद कुमार त्रिपाठी से 45 लाख रुपये ठगने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है। मामले में मुख्य साइबर ठग अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

ये खबरें पढ़ना न भूले-

What's your reaction?

Related Posts