रायपुर। भारतीय रेलवे के नक्शे पर बिलासपुर एक ऐसा प्रमुख जंक्शन है, जहां से देश के दो सबसे बड़े महानगरों-दिल्ली और मुंबई के लिए बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं। दिल्ली रूट पर राजधानी एक्सप्रेस जैसे प्रीमियम ट्रेनों के बावजूद यात्रियों की मांग बढ़ रही है। अब, रेल यात्रियों और जनप्रति निधियों की ओर से एक नई और बेहद दमदार मांग उठने लगी है कि बिलासपुर को वंदे भारत स्लीपर की सौगात मिले। बिलासपुर-मुंबई रूट पर भी इसे हफ्ते में कम से कम 3 दिन संचालित किया जाए। इसके अलावा, बिलासपुर-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर हफ्ते में 3 दिन करने की मांग भी जोर पकड़ रही है। अभी मुंबई जाने के लिए मेल या एक्सप्रेस ट्रेन का ही विकल्प मौजूद है। वंदे भारत स्लीपर को भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की प्रीमियम ट्रेन माना जा रहा है। यह पारंपरिक राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में अधिक आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। यदि बिलासपुर से इसका संचालन होता है तो दिल्ली और मुंबई की यात्रा के समय में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। वर्तमान में बिलासपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में लंबा सफर करना पड़ता है। ऐसे में तेज गति वाली वंदे भारत स्लीपर मिलने से समय की बचत होगी और व्यापार, शिक्षा तथा चिकित्सा के लिए यात्रा करने वालों को बड़ा लाभ मिलेगा। हालांकि रेलवे ने अभी बिलासपुर से वंदे भारत स्लीपर के संचालन की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन लगातार उठ रही मांग ने इस विषय को फिर चर्चा में ला दिया है। Chhattisgarh News
किराया कितना होगा जेब पर पड़ेगा असर
वंदे भारत स्लीपर एक अत्याधुनिक और सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है, इसलिए इसका किराया सामान्य ट्रेनों और राजधानी एक्सप्रेस से थोड़ा प्रीमियम होगा। वंदे भारत स्लीपर का किराया राजधानी एक्सप्रेस के थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी के मुकाबले लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक ज्यादा हो सकता है। भले ही किराया थोड़ा अधिक हो, लेकिन कम समय में सुरक्षित और वर्ल्ड-क्लास सफर की चाहत रखने वाले बिजनेस क्लास, नौकरीपेशा और परिवारों के लिए यह पहली पसंद बनेगी।
आधुनिक बर्थ सुरक्षा और ऑनबोर्ड टेक्नोलॉजी
वंदे भारत स्लीपर को राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों से कहीं अधिक आधुनिक और आरामदायक विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा है। आधुनिक और आरामदायक बर्थ से इसके कोच में यात्रियों को झटके नहीं लगेंगे। बर्थ का डिजाइन ऐसा है कि रात में सोने में बेहद आराम मिलेगा। बेहतर कुशनिंग और एगोनॉमिक डिजाइन इसका मुख्य आकर्षण है।
कवच सुरक्षा प्रणाली से लैस
ट्रेन में एंटी-कोलिजन तकनीक कवच इन-बिल्ट होगी, जिससे हादसों का खतरा शून्य हो जाता है। बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स के साथ ही इसमें मॉडुलर फिटिंग्स और टच-फ्री एमेनिटीज होंगी। पूरे कोच में सेंसर-बेस्ड ऑटोमैटिक इंटर-कम्युनिकेटिंग दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे, हर बर्थ पर रीडिंग लाइट्स, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट्स और वाई-फाई आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। राजधानी के मुकाबले वंदे भारत स्लीपर के कोच में बाहर का शोर बेहद कम आता है, जिससे यात्रा बेहद शांत और सुकून भरी होती है।
अब राजधानी से आगे बढ़ने का समय
बिलासपुर के नियमित रेल यात्री अमित अग्रवाल का कहना है कि बिलासपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए वर्तमान ट्रेनें हमेशा हाउसफुल रहती हैं। बिलासपुर-दिल्ली राजधानी के फेरे बढ़ने ही चाहिए, लेकिन इसके साथ ही वंदे भारत स्लीपर समय की जरूरत है। अगर हमें मुंबई जाने के लिए 19 घंटे की जगह 14 घंटे में पहुंचने का विकल्प मिले, तो हम थोड़ा ज्यादा किराया देने को भी तैयार हैं। इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि थकान भी नहीं होगी।
यात्रा समय में आएगी कमी, दिल्ली जल्दी पहुंचेंगे
वंदे भारत स्लीपर को देश की सबसे आधुनिक और तेज गति वाली ट्रेनों के रूप में डिजाइन किया गया है। इसकी अधिकतम गति क्षमता 160 किमी/घंटा है, जो राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में बेहतर त्वरण और मंदी के कारण यात्रा समय को काफी कम कर देगी। वर्तमान में राजधानी एक्सप्रेस बिलासपुर से नई दिल्ली का सफर तय करने में लगभग 18 से 20 घंटे का समय लेती है। वंदे भारत स्लीपर आने से यह सफर 15 से 16 घंटे या उससे भी कम में पूरा होने की उम्मीद है। यानी सीधे 3 से 4 घंटे की बचत होगी।


















