ब्रेकिंग खबरें

शिक्षा एवं रोजगार

सीखने के परिणामों में रायगढ़ अव्वल, लेकिन डिजिटल शिक्षा में कई जिलों से पीछे

रायपुर। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई 2.0) 2025-26 की जिलेवार रिपोर्ट में विभिन्न श्रेणियों में पूरे प्रदेश में रायगढ़ जिला टॉप में है। सीखने के परिणामों और प्रभावी कक्षा संचालन में रायगढ़ अव्वल है, लेकिन डिजिटल शिक्षा के मामले में कई जिलों से पीछे है। रिपोर्ट के अनुसार श्रेणीवार ग्रेडिंग में प्रदेश के 18 जिले प्रचेष्टा-1 और शेष जिले प्रचेष्टा-2 की श्रेणी में है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को लेकर शिक्षा मंत्रालय द्वारा रिपोर्ट तैयार की गई। पीजीआई-डी फ्रेमवर्क में 70 संकेतकों के लिए कुल 600 अंक हैं, जिन्हें 6 श्रेणियों में बांटा गया है।

  ये श्रेणी हैं सीखने और परिणाम गुणवत्ता, प्रभावी कक्षा संचालन, आधारभूत संरचना, सुविधाएं और छात्र अधिकार, विद्यालय सुरक्षा और बाल संरक्षण, डिजिटल शिक्षा और प्रशासनिक प्रक्रियाएं। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था के साथ ही जिलेवार व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करते हुए अंक दिए गए। सभी 6 श्रेणियों को मिलाकर प्रदेश में रायगढ़ जिला अव्वल रहा। रायगढ़ को 600 में 329 अंक हासिल हुए हैं। सीखने के परिणामों और प्रभावी कक्षा संचालन में रायगढ़ ने सभी जिलों को पीछे छोड़ दिया किन्तु डिजिटल शिक्षा में कई जिलों से पीछे है। सरगुजा और बीजापुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर है। वहीं राजधानी रायपुर 16वें क्रम पर है।

रिपोर्ट के अनुसार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं किन्तु सीखने के परिणामों, बुनियादी सुविधाओं, शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षा प्रशासन के क्षेत्रों में अभी और व्यापक सुधार की आवश्यकता है। दूसरी ओर, अंकों के आधार पर राज्यों की तरह जिलों को भी ग्रेडिंग दी गई है। ग्रेडिंग को उत्तम 1, उत्तम 2, उत्तम-3, प्रचेष्टा-1, प्रचेष्टा-2, प्रचेष्टा-3, आकांक्षी-1 और आकांक्षी-2 में विभाजित किया गया है। प्रदेश के 18 जिलों को प्रचेष्टा-1 और शेष जिलों को प्रचेष्टा-2 ग्रेडिंग मिली है।

छत्तीसगढ़ ‘आकांक्षी-1’ श्रेणी में

परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई 2.0) 2025-26 की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ पिछली बार की भांति इस बार भी ‘आकांक्षी-1’ श्रेणी में है। परिणाम सुशासन एवं प्रबंधन के विभिन्न मापदंडों की परख में छत्तीसगढ़ को 1 हजार में 578.9 स्कोर मिला है। पिछले सर्वे में छत्तीसगढ़ का स्कोर 570.7 था और ग्रेड भी आकांक्षी 1 ही था। रिपोर्ट के अनुसार आधारभूत संरचना एवं सुविधाओं के मामले में अभी भी छत्तीसगढ़ में काफी कुछ करना शेष है। इस श्रेणी के लिए निर्धारित 260 अंकों में छत्तीसगढ़ को केवल 90.78 अंक ही मिले हैं। इसी तरह सीखने और परिणाम गुणवत्ता के मामले में भी छत्तीसगढ़ पीछे है। 240 स्कोर में केवल 72.9 अंक प्राप्त हुए हैं।

विभिन्न श्रेणियों के लिए टोटल स्कोर 600 में जिलों की स्थिति

प्रचेष्टा-1 : रायगढ़- 329, सरगुजा 324, बीजापुर 323, दुर्ग 320, जशपुर-319, महासमुंद 316, बस्तर 315, कांकेर 314, बिलासपुर 314, कोरिया-313, कवर्धा- 313, बलरामपुर 313, बालोद 312, धमतरी 309, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी- 308, रायपुर 305, राजनांदगांव 303, सारंगढ़ 3011

प्रचेष्टा-2 : सूरजपुर 300, मुंगेली 300, मनेन्द्रगढ़-भरतपुर चिरमिरी- 299, बेमेतरा 299, बलौदाबाजार 293, दंतेवाड़ा 292, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई-292, सक्ती 291, गरियाबंद 289, गौरेला पेंड्रा मरवाही 289, जांजगीर-चांपा-288, कोरबा 287, कोंडागांव 281, नारायणपुर 264, सुकमा 2551

What's your reaction?

Related Posts