भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले की जांच ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। संयंत्र के विभिन्न विभागों में अचानक केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम के पहुंचने की खबर से पूरे प्लांट और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। सूत्रों के अनुसार लगभग 10 सदस्यीय टीम ने प्लेट मिल और स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) से जुड़े कुछ हिस्सों में पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों का परीक्षण किया। हालांकि सीबीआई की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन टीम की मौजूदगी को लेकर पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा।
बीएसपी में लोहा चोरी का मामला पिछले कई महीनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि संयंत्र से बड़ी मात्रा में लोहे और अन्य मूल्यवान सामग्री की अवैध निकासी की जा रही थी। मामले के सामने आने के बाद जिला पुलिस, सीएसपी और अन्य जांच एजेंसियों ने जांच शुरू की थी। इसके बाद कई स्तरों पर पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की गई।
वैशाली नगर विधायक उठा चुके हैं मुद्दा
इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक स्तर पर भी लगातार उठाया जाता रहा है। वैशाली नगर से भाजपा के विधायक रिकेश सेन ने विभिन्न मंचों तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कई बार आरोप लगाया कि संयंत्र से बड़े पैमाने पर लोहा चोरी हो रही है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। ऐसे में रविवार को सीबीआई टीम के बीएसपी पहुंचने को उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
एक अधिकारी और एक कर्मचारी हो चुके है निलंबित
हाल ही में बीएसपी प्रबंधन ने अपनी आंतरिक जांच के आधार पर एसएमएस -3 के एक महाप्रबंधक हिमाुशु भूषण मलिक और एक कर्मचारी मनोज कुमार देवांगन को निलंबित किया था। प्रबंधन की कार्रवाई के बाद अगले ही दिन जिला पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि जांच एजेंसियों को कुछ ऐसे दस्तावेज और तथ्य मिले थे जिनके आधार पर पूछताछ को आगे बढ़ाया गया। इस कार्रवाई के बाद से ही संभावना जताई जा रही थी कि मामले में केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हो सकती हैं।
दस्तावेज जुटाए, रिकार्ड चेक किया
सूत्रों का कहना है कि रविवार को पहुंची टीम ने उत्पादन, सामग्री निर्गमन, स्क्रैप प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अनौपचारिक स्तर पर जानकारी जुटाए जाने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बीएसपी प्रबंधन ने भी इस संबंध में कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है।
आरोपियों से पूछताछ जारी
वर्तमान में जिला पुलिस अपनी जांच जारी रखे हुए है और गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं सीबीआई टीम की मौजूदगी की खबर के बाद यह संभावना भी जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। यदि केंद्रीय एजेंसी औपचारिक रूप से इस मामले में जांच शुरू करती है तो कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।


















