ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीय

दिल्ली से लखनऊ तक पानी को तरसे ट्रेन यात्री

लखनऊ। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे में यात्रियों की सहूलियत और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। नई दिल्ली से लखनऊ आ रही राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को पानी का संकट झेलना पड़ा। ट्रेन की बोगी बी-7, सीट संख्या 28 पर यात्रा कर रहे कुमार विमलेंद्र ने ट्रेन के रवाना होते ही शौचालय में पानी न होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बेहद चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन में पानी नहीं भरा जा सका। लखनऊ स्टेशन पहुंचने के बाद ही ट्रेन में पानी की आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। वीआईपी ट्रेनों में इस तरह की अव्यवस्था से सफर करने वाले यात्री बेहाल नजर आए।

 आठ घंटे की देरी से चली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस: एक तरफ जहाँ वीआईपी ट्रेन में पानी की किल्लत रही, वहीं दूसरी तरफ लखनऊ जंक्शन-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस ने शनिवार को यात्रियों को जमकर छकाया। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 5:00 बजे प्रस्थान करने के बजाय करीब आठ घंटे की देरी से दोपहर 1:05 बजे रवाना हुई।

बस से टपका पानी, लैपटॉप भीगने पर मांगा मुआवजा

लखनऊ। रोडवेज की एसी जनरथ बसें इन दिनों बारिश के मौसम में यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। बसों की छतों से बारिश और एसी का पानी टपक रहा। शनिवार को अवध डिपो की जनरथ बस (यूपी 33 एटी 4852) से बनारस जा रहे यात्री गौरव पटेल का लैपटॉप लगेज स्टैंड में पानी भरने के कारण पूरी तरह खराब हो गया। नाराज यात्री ने रोडवेज प्रशासन से शिकायत कर एक लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। हालांकि, रोडवेज नियमों के अनुसार सामान खराब होने पर मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है। अवध डिपो के एआरएम सत्यनारायण ने बताया कि संभवतः एसी लीक होने से पानी भरा था और उन्होंने किराया वापस लेने का विकल्प दिया है।

पैसे लेकर एसी बोगी में सीट देने वाला टीटीई निलंबित

मुरादाबाद रूट की एक ट्रेन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में एक टीटीई बिना टिकट के यात्री को एसी सेकंड बोगी में सीट देते हुए और उससे रुपये लेते हुए साफ दिख रहा है, लेकिन उसने यात्री को कोई रसीद नहीं दी। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

What's your reaction?

Related Posts