ब्रेकिंग खबरें

मनोरंजन

शाहरुख खान ने 37 करोड़ में खरीदा यादों से जुड़ा आशियाना

नई दिल्ली। बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान अब दिल्ली के पंचशील पार्क स्थित उस पूरी इमारत के मालिक बन गए हैं, जिससे उनकी और गौरी खान की खूबसूरत यादें जुड़ी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान ने इस इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल को करीब 37 करोड़ रुपये में खरीदा है। बेसमेंट और पहली मंजिल पहले से ही उनके पास थी, लेकिन अब यह पूरी प्रॉपर्टी उनकी हो चुकी है।

शादी के बाद यहीं से शुरू हुआ था सफर

शाहरुख और गौरी खान का इस इमारत से बेहद गहरा और भावनात्मक जुड़ाव है। दिल्ली में ही जन्मे और पले-बढ़े शाहरुख ने साल 1991 में गौरी से शादी करने के बाद अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत इसी घर से की थी। यहीं से वे अपने अभिनेता बनने के सपने को पूरा करने मुंबई चले गए थे। करीब 10,800 वर्ग फीट में फैली इस संपत्ति का सौदा 37 करोड़ में हुआ है, जिसकी जमीन की अनुमानित कीमत 34,260 रुपये प्रति वर्ग फीट आंकी जा रही है।

दीवार पर सजा है बच्चों के बचपन का संसार

गौरी ने बताया कि बच्चों के बचपन से लेकर उनके बड़े होने तक की हर याद इस घर में संजोकर रखी गई है। उन्होंने घर में एक खास ‘नॉस्टैल्जिया वॉल’ (यादों की दीवार) बनाई है। इस दीवार पर सुहाना के पहले मेकअप ब्रश, आर्यन का बैडमिंटन रैकेट, अबराम को पहले जन्मदिन पर मिला उपहार, शाहरुख खान द्वारा बनाई गई कलाकृतियां, पुराने पोस्टकार्ड और वे खूबसूरत एंटीक वस्तुएं फ्रेम करके सजाई गई हैं जो शाहरुख ने समय-समय पर गौरी को तोहफे में दी थीं। गौरी के मुताबिक, यह उनके घर का सबसे पसंदीदा कोना है।

गौरी खान बोलीं- जिंदगी का बड़ा हिस्सा यहीं गुजरा

एक साक्षात्कार में गौरी खान ने इस घर के प्रति अपना लगाव जाहिर करते हुए कहा था, हमारा दिल्ली वाला घर लगभग 20 साल पुराना है और मैंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा यहीं बिताया है। मेरी इच्छा थी कि हमारी जिंदगी की सारी यादें एक ही छत के नीचे रहें और मेरा यह घर उसी भावना का प्रतीक है। जब मैं यहां प्रवेश करती हूं, तो इसका हर कोना पुरानी यादों से भरा हुआ महसूस होता है। दरअसल, यह घर सिर्फ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि किंग खान के संघर्ष के दिनों की गवाह है। दिल्ली की गलियों से निकलकर मायानगरी मुंबई में ‘मन्नत’ तक पहुंचने का यह सफरनामा गौरी के इसी आशियाने से शुरू हुआ था। यही वजह है कि व्यस्तताओं के बावजूद यह जगह उनके दिल के सबसे करीब है।

What's your reaction?

Related Posts