Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 444 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और बिक्री की नकदी सहित कुल 75 हजार रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को डीडी नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी में घूमकर प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों आरोपी डंगनिया स्थित सरकारी स्कूल के सामने पानी टंकी के पास एक रंगीन थैले में नशीली टेबलेट रखकर ग्राहकों की तलाश में घूम रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने स्कूटी क्रमांक सीजी-04-पीएच-6441 में सवार दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान चूड़ामणि यादव उर्फ चुन्नू (24 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर डंगनिया और त्रिलोकी सोनी उर्फ छोटू (26 वर्ष) निवासी सारथी चौक, लाखेनगर के रूप में बताई। Raipur News:
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों और उनके वाहन की तलाशी ली। स्कूटी की डिक्की में रखे एक कपड़े के थैले से Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10) नामक प्रतिबंधित नशीली दवा की 44 सीलबंद स्ट्रिप और एक खुली स्ट्रिप बरामद हुई। कुल मिलाकर 444 टेबलेट जब्त की गईं। जांच में प्रत्येक टेबलेट का वजन 0.550 ग्राम पाया गया और कुल वजन 244.2 ग्राम निकला।
पुलिस ने बरामद नशीली दवाओं की कीमत करीब 3,552 रुपये आंकी है। इसके अलावा आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक आईफोन, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा नशीली दवाओं की बिक्री से प्राप्त 1,680 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 75,232 रुपये बताई गई है।
Raipur News: पूछताछ के दौरान आरोपी नशीली टेबलेट रखने, परिवहन करने और बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त थे। अब यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित टेबलेट उन्हें कहां से प्राप्त हुईं और वे इन्हें किन लोगों को बेच रहे थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी जानकारी जुटा रही है।
डीडी नगर थाना पुलिस ने जब्त नशीली दवाओं, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी को मालखाने में जमा कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। Raipur News:


















