CG Teacher Transfer: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण को मंजूरी देते हुए आदेश जारी किया है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 25 अगस्त को जारी आदेश में विभिन्न जिलों में पदस्थ शिक्षकों को उनकी आपसी सहमति के आधार पर नवीन पदस्थापना दी गई है। आदेश के अनुसार यह स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। सूची में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक तथा अन्य शैक्षणिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। अधिकांश मामलों में शिक्षकों को आपसी आधार पर एक-दूसरे के वर्तमान विद्यालयों में पदस्थ किया गया है।
स्थानांतरण सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों के शिक्षक शामिल हैं। इनमें रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर, सूरजपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, कांकेर, बलरामपुर-रामानुजगंज, महासमुंद सहित कई जिले शामिल हैं। आदेश में कई शिक्षकों के बीच विद्यालय स्तर पर आपसी स्थानांतरण किया गया है। उदाहरण के तौर पर दुर्ग जिले के सहायक शिक्षकों को एक-दूसरे की पदस्थापना वाले विद्यालयों में भेजा गया है, जबकि कबीरधाम, रायगढ़, जशपुर, बालोद और दंतेवाड़ा सहित अन्य जिलों में भी ऐसे आपसी स्थानांतरण किए गए हैं।
इसी तरह रायपुर जिले में भी सहायक शिक्षकों का आपसी स्थानांतरण हुआ है। भनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक ई. लक्ष्मण राव और डंगनिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की सहायक शिक्षिका ममता गुप्ता को आपसी आधार पर एक-दूसरे की पदस्थापना दी गई है। विभागीय आदेश में कुछ मामलों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापना और प्रतिनियुक्ति से वापसी का उल्लेख भी किया गया है।


















