ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मरीज 200 पार, कोरोना के भी 4 नए एक्टिव केस

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों से रोजाना नए मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हो रही है। अब राज्य में स्वाइन फ्लू के मरीजों का आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है। लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण के बीच प्रदेश में कोरोना के भी नए मामले सामने आए हैं। बीते दिनों कोरोना के 4 नए एक्टिव केस मिले हैं। ऐसे में दोनों संक्रमणों की मौजूदगी के बीच स्वास्थ्य विभाग के सामने रोकथाम और निगरानी की चुनौती बढ़ गई है।

लोगों में बढ़ी चिंता

स्वाइन फ्लू के लगातार सामने आ रहे मामलों के चलते लोगों में भी संक्रमण को लेकर डर और चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आ रहे मामलों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। वहीं, संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई और जरूरी सावधानियां बरतना भी महत्वपूर्ण है।

24 घंटे में 26 नए मामले

बीते 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 26 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से सबसे ज्यादा 12 मरीज रायपुर से मिले हैं. वहीं बिलासपुर से स्वाइन फ्लू के 6 केस मिले और दुर्ग में 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है. इसके अलावा भी कई शहरों से H1N1 संक्रमण के मामले सामने आए हैं. आंकड़ों की बात करें तो कुल मिलाकर अब प्रदेश में 205 स्वाइन फ्लू के केस हो गए हैं.

इन शहरों में सबसे ज्यादा असर

इसका असर राजधानी रायपुर और दुर्ग-भिलाई में ज्यादा देखने को मिल रहा है. इतना ही स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी चिंता ये है कि पिछले कुछ हफ्तों में प्रदेश में कोरोना के भी 4 मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से एक्टिव है और सभी जिला अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. अस्पतालों में दवाई, जांच और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता की निगरानी लगातार की जा रही है.

विभाग पूरी तरह तैयार – स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि विभाग पूरी तरह तैयार है. सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत जांच करवाने की सलाह दी जा रही है. स्वाइन फ्लू के कुल मामलों में फिलहाल 57 मरीज एक्टिव हैं. इनमें से 13 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं, जबकि 44 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं.

मेरी नातिन को हो गया स्वाइन फ्लू – टीएस सिंहदेव

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि स्वाइन फ्लू के प्रकरण प्रदेश के कई शहरों से सामने आ रहे हैं और लगातार स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं. मेरी डेढ़ साल की नातिन को भी स्वाइन फ्लू हो गया था. स्वाइन फ्लू उतना घातक नहीं है. पहले चरण में इससे मौत की संभावना ज्यादा थी, अभी इलाज के लिए चिंता जरूर रखनी चाहिए लेकिन यह वेरिएंट जानलेवा नहीं है.

What's your reaction?

Related Posts