उत्तराखंड में बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। पहाड़ी और उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी से मौसम बेहद सर्द हो गया है। पिछले दो दिनों की बारिश ने पांच डिग्री तक पारा लुढका दिया है। आज भी पांच जिलों में बारिश का अनुमान है। बारिश और भूस्खलन के बीच चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी है। आज केदारनाथ यात्रा खुल गई है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने मंगलवार को अपडेट जारी किया। प्रशासन के मुताबिक, आज सोनप्रयाग एवं गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा प्रारम्भ कर दी गई है। यात्रियों को छोटे-छोटे समूहों में भेजा जा रहा है। हैलीकॉप्टर के माध्यम से भी केदारनाथ धाम की यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी गई है।
गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा फिर शुरू, धामों में भीड़
बड़कोट। दो दिनों तक बारिश के बाद गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा भी शुरू हो गई। बड़ी संख्या में वाहनों के एक साथ यमुनोत्री धाम की ओर रवाना होने से सिलाई बैंड से फूलचट्टी तक हाईवे पर जगह-जगह जाम लगा। यातायात सुचारु करने में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी।
बदरीनाथ, हेमकुड यात्रा शुरू, फूलों की घाटी भी खुली
ज्योतिर्मठ। मौसम खुलने के बाद बदरीनाथ यात्रा भी शुरू हो गई। यात्रा शुरू होते ही वाहनों का दबाव बढ़ने से ज्योतिर्मठ में जाम की स्थिति हो गई। सोमवार को बदरीनाथ 5330 श्रद्धालु पहुंचे। 1409 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। करीब 250 पर्यटकों ने फूलों की घाटी का दीदार किया। पितृपक्ष शुरू होने के बाद बदरीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।
सोमवार को लैंडस्लाइड के कारण बंद थी केदारनाथ यात्रा
केदारनाथ पैदल मार्ग चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से पैदल यात्रा सोमवार को भी बंद रही। जबकि हेलीकॉप्टर यात्री धाम पहुंचते रहे। दिनभर मलबा हटाने का काम जारी रहा, जिससे केदारनाथ धाम जाने ने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उत्तरकाशी में खराब मौसम ने रोका ट्रेकरों का रेस्क्यू
उत्तरकाशी। कालिंदी ट्रेक पर फंसे लोगों को निकालने का अभियान सोमवार दोपहर बाद मौसम खराब होने से रोका गया। अब तक निकाले गए ट्रेकरों को हर्षिल में मेडिकल के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। इस दौरान डीएम प्रशांत आर्य और एसपी कमलेश उपाध्याय ने हर्षिल में रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि कालिंदी पास से 11 ट्रेकर्स को निकाला गया है। बाकी ट्रेकर्स को निकालने के लिए अभियान जारी है।
40 ट्रेकरों ने किया रेस्क्यू से इंकार, कहा-यात्रा जारी रखेंगे
देहरादून। उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रेक पर मौजूद 96 में से 40 ट्रेकरों ने रेस्क्यू कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि बर्फबारी से 136 लोग उत्तरकाशी व 43 लोग बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में फंसे थे। रेस्क्यू में आठ हेलीकॉप्टर तैनात हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि जरूरत होने पर हवाई संसाधनों का उपयोग हो।


















