नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) चार्ज लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया है। NPCI ने 13 अक्टूबर को जारी बयान में कहा कि चुनिंदा दुकानदारों को किए जाने वाले UPI पेमेंट पर यह चार्ज दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। हालांकि, इसकी नई तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा। बता दें कि पहले इसे इसी हफ्ते, गुरुवार से लागू करने की तैयारी थी।
क्यों टाल दिया गया फैसला
UPI पर MDR चार्ज लगाने का फैसला दिवाली तक टालने की सबसे बड़ी वजह त्योहारों के दौरान ग्राहकों और कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका थी। दिवाली के समय खरीदारी बढ़ जाती है, ऐसे में नए चार्ज लागू करने से कारोबारियों की लागत बढ़ सकती थी और इसका असर ग्राहकों पर भी पड़ने की चिंता जताई गई। इसके अलावा, मर्चेंट संगठनों, फिनटेक कंपनियों और पेमेंट कंपनियों ने भी इस फैसले को टालने की मांग की थी। उनका कहना था कि MDR की अलग-अलग दरों और नियमों को लेकर अभी स्पष्टता की जरूरत है। कुछ कारोबारियों को यह डर भी था कि ऐडिशनल कॉस्ट के कारण दुकानदार UPI के बजाय कैश लेने को प्रायोरिटी दे सकते हैं। पेमेंट कंपनियों को भी अपने सिस्टम में बदलाव करने के लिए समय चाहिए था। UPI पर MDR चार्ज लगाने के फैसले को दिवाली तक टाल दिया गया है, लेकिन इसे लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं।आइए आसान भाषा में जानते हैं इन सवालों के जवाब–
दिवाली के बाद कब लागू होगा नया चार्ज?
NPCI के मुताबिक, UPI पर MDR चार्ज दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। हालांकि, इसे किस तारीख से शुरू किया जाए
₹2,000 से ज्यादा UPI पेमेंट पर क्या लगेगा चार्ज?
बता दें कि पिछले महीने UPI स्टीयरिंग कमेटी ने 2,000 रुपये से ज्यादा के चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर 0.4 फीसदी MDR चार्ज तय किया था। यानी 2,000 रुपये के पेमेंट पर 8 रुपये और 10,000 रुपये के पेमेंट पर 40 रुपये का चार्ज बनता है। यह चार्ज डिजिटल पेमेंट प्रोसेस करने के बदले दुकानदारों से लिया जाता है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि कुछ दुकानदार इसका बोझ ग्राहकों पर डाल सकते हैं। वहीं, 8 अक्टूबर को वित्त मंत्री ने कहा था कि UPI पर MDR को लेकर फैसला पेमेंट इकोसिस्टम से जुड़े पार्टीज को करना है।
गूगल पे, फोनपे और पेटीएम यूजर्स को देना होगा पैसा?
नहीं, इन ऐप्स से पेमेंट करने वाले ग्राहकों को सीधे MDR चार्ज देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। यह शुल्क दुकानदारों से डिजिटल पेमेंट प्रोसेस करने के बदले लिया जाता है। यानी आप गूगल पे, फोनपे या पेटीएम से पेमेंट करते हैं, तो सिर्फ ऐप इस्तेमाल करने की वजह से आप पर यह चार्ज नहीं लगेगा।
UPI MDR का चार्ज ग्राहक देगा या दुकानदार?
MDR चार्ज दुकानदार से लिया जाता है, ग्राहक से सीधे नहीं। हालांकि, चिंता यह है कि कुछ दुकानदार अपनी बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए ग्राहकों से ज्यादा पैसे मांग सकते हैं। सरकार ने बैंकों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि MDR का बोझ ग्राहकों पर न डाला जाए।
क्या पर्सनल UPI ट्रांसफर पर भी लगेगा चार्ज?
नहीं, किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिवार के सदस्य को UPI से पैसे भेजने पर इस प्रस्ताव के तहत MDR चार्ज नहीं लगेगा। यह व्यवस्था चुनिंदा दुकानदारों को किए जाने वाले पेमेंट के लिए है। यानी सामान्य पर्सनल UPI ट्रांसफर पहले की तरह मुफ्त रहेगा।


















