रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर अवकाश को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब प्रदेश में गोवर्धन पूजा पर ऐच्छिक अवकाश की जगह सामान्य अवकाश रहेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने छुट्टी की श्रेणी में बदलाव किया है।
इस साल गोवर्धन पूजा 9 नवंबर को मनाई जाएगी। सरकार के इस फैसले के बाद राज्य में गोवर्धन पूजा के अवसर पर सार्वजनिक छुट्टी का लाभ मिलेगा।
ऐच्छिक अवकाश की जगह अब सामान्य छुट्टी
अब तक छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा के अवसर पर ऐच्छिक अवकाश का प्रावधान था। इसका लाभ लेने के लिए कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार छुट्टी चुननी होती थी। लेकिन राज्य सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए इसे सामान्य अवकाश की श्रेणी में शामिल कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग के इस फैसले से गोवर्धन पूजा पर छुट्टी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। हालांकि, अवकाश का वास्तविक दायरा और संबंधित कार्यालयों पर लागू होने वाली व्यवस्था विभागीय आदेश के अनुसार निर्धारित होगी।
GAD ने जारी किया आदेश
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग यानी कि GAD ने संशोधित आदेश जारी कर दिया है. पहले राज्य सरकार ने इस दिन को ऐच्छिक अवकाश की लिस्ट में रखा था. मतलब कर्मचारी को अपने 3 ऐच्छिक अवकाश में से एक छुट्टी लेनी पड़ती. लेकिन अब इसे सीधे सामान्य अवकाश घोषित कर दिया गया है.
अलग से नहीं लेनी पड़ेगी छुट्टी
इसका मतलब ये हुआ कि 9 नवंबर को सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल-कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे. कर्मचारियों को अलग से छुट्टी के लिए आवेदन नहीं करना पड़ेगा.दरअसल, GAD ने 6 नवंबर 2025 को 2026 के लिए छुट्टियों की लिस्ट जारी की थी. उस लिस्ट में क्रमांक 50 पर 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के लिए ऐच्छिक अवकाश दिखाया गया था. अब सरकार ने उसी आदेश में संशोधन कर दिया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा का सार्वजनिक / सामान्य अवकाश माना जाएगा. इससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा और वे अपने परिवार के साथ यह पर्व मना सकेंगे.


















