छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने दीपावली से पहले राज्य के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में दो प्रतिशत की वृद्धि करने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
त्योहार से ठीक पहले हुई इस घोषणा को राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दीपावली के तोहफे के रूप में देखा जा रहा है। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से जहां सेवारत कर्मचारियों की मासिक आय में इजाफा होगा, वहीं महंगाई राहत बढ़ने से पेंशनभोगियों को भी अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।
लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार के इस फैसले से विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी फायदा होगा। महंगाई के बीच DA और DR में दो प्रतिशत की वृद्धि से कर्मचारियों और पेंशनरों को कुछ अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी।
सीएम विष्णु देव साय का दिवाली पर ताेहफा
सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि मुझे विश्वास है कि यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत देने के साथ ही उनके परिवारों के त्योहार की खुशियों को और बढ़ाएगा.
1 नवंबर से हाेगा प्रभावी
राज्य सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी एक नवंबर से प्रभावी होगी. इस फैसले के बाद कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी. इससे उन्हें मिलने वाली मासिक राशि में इजाफा होगा.
सरकार के इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के करीब 5.35 लाख कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे. इनमें लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनभोगी शामिल हैं. महंगाई भत्ते और राहत में बढ़ोतरी से इन परिवारों को बढ़ती महंगाई के बीच कुछ अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी.

















