ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

रायपुर में खाद्य विभाग सख्त, अन्नपूर्णा एग्रो का लाइसेंस निलंबित

दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ गई है। त्योहार के दौरान बढ़ती मांग का फायदा उठाकर मिलावटखोर भी सक्रिय हो जाते हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं।

मिलावट रोकने के लिए विभाग की जांच

त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।

अन्नपूर्णा एग्रो पर की गई कार्रवाई

सबसे बड़ी कार्रवाई भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा एग्रो पर की गई है. जांच के दौरान वहां अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने उसका लाइसेंस 3 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है. साथ ही वहां से चना दाल का नमूना जांच के लिए लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंस निलंबन के बाद फैक्ट्री में किसी भी तरह का उत्पादन और बिक्री नहीं की जा सकेगी.

KFC और मिठाई दुकान से भी लिए सैंपल

इसी तरह मैग्नेटो मॉल स्थित KFC आउटलेट पर भी टीम ने दबिश दी. वहां से राइस बॉल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है.टीम यह देख रही थी कि फास्ट फूड में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता कैसी है. इसके अलावा शहर के प्रसिद्ध अग्रवाल मिठाईवाला दुकान में भी जांच की गई. त्यौहारी सीजन में सबसे ज्यादा बिकने वाले पेड़ा और डोडा बर्फी के नमूने जब्त किए गए हैं.इन मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले मावा और अन्य सामग्री की शुद्धता की जांच की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है.जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर सैंपल फेल होते हैं तो संबंधित दुकानों और कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

What's your reaction?

Related Posts