ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ की वोटर लिस्ट में भारी चूक, BJP नेता और महापौर का जेंडर बदला

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में दिसंबर महीने में मतदान होना है। इनमें चार नगर निगम भी शामिल हैं। चुनाव की तैयारियों के तहत राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। हालांकि, प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होते ही इसमें कई खामियां सामने आने लगी हैं।

चार नगर निगमों में भी होगा चुनाव

प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। दिसंबर में प्रस्तावित मतदान के लिए निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में जुटा है। आयोग का प्रयास है कि चुनाव से पहले सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं।

कई मतदाताओं का जेंडर तक बदला

वोटर लिस्ट में एक नहीं बल्कि कई खामियां सामने आई हैं. कई जगह मतदाताओं के नाम गलत छप गए हैं तो कई जगह तो हैरान करने वाली गलती हुई है, जिसमें लोगों का जेंडर ही बदल दिया गया है. पुरुष को महिला और महिला को पुरुष दिखाया जा रहा है. इस वजह से आम नागरिकों को सुधार के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं.

आयोग ने बड़ा फैसला लिया

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. पहले दावा-आपत्ति लगाने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर रखी गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 3 नवंबर कर दिया गया है. वहीं इन आपत्तियों के निराकरण की तारीख भी 3 नवंबर से बढ़ाकर 6 नवंबर कर दी गई है.

बिरगांव निगम में सबसे ज्यादा गड़बड़ी

सबसे ज्यादा शिकायतें राजधानी रायपुर से लगे बिरगांव नगर निगम से आई हैं. यहां तो मौजूदा महापौर और पूर्व महापौर तक का जेंडर गलत दर्ज कर दिया गया है. लिस्ट में कांग्रेस के महापौर नंदलाल देवांगन को महिला वर्ग में दिखाया गया है. जबकि पूर्व महापौर अंबिका यदु को पुरुष बताया गया है. इतना ही नहीं, मेयर इन काउंसिल सदस्य इकराम अहमद और भाजपा नेता भागीरथी साहू का जेंडर भी महिला के रूप में दर्ज है.

आयोग ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि आयोग का प्रयास है कि कोई भी योग्य मतदाता वोट डालने से वंचित न रहे.कई लोग अर्नब तूफान के चलते अब तक आपत्तियां ही नहीं लगा पाएं हैं. लिस्ट में कोई गलती न हो, इसलिए तारीख बढ़ाई गई है. वोटर लिस्ट जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तय जगहों पर मुफ्त में उपलब्ध है.बता दें कि इस बार बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली निगम समेत 5 नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों में चुनाव होना है.

What's your reaction?

Related Posts