कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। दोनों मामलों में पीड़ितों से बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से करीबी संबंध होने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ितों को कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए उसने अपनी ऊंची पहुंच और बड़े अधिकारियों व मंत्रियों से पहचान होने का हवाला दिया। उसकी बातों में आकर पीड़ितों ने उसे लाखों रुपये दे दिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी ने न तो पीड़ितों को काम दिलाया और न ही उनके पैसे वापस किए। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उन्हें यश बैंक के चेक थमा दिए।
पुलिस के मुताबिक, पहला मामला रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक श्याम सिंह ठाकुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है. श्याम सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में होटल वेलकम श्री में सिक्योरिटी गार्ड लगाने के सिलसिले में उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी. इसके बाद दीपक ने कोरबा की कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का भरोसा दिलाया. उसने बड़े मंत्रियों और अधिकारियों से अपनी पहचान होने की बात कहकर विश्वास में लिया. जून 2022 में होटल वेलकम श्री में मैनेजर विकास कुमार नागले की मौजूदगी में दीपक को 31 लाख रुपए नकद दिए गए.
कई महीने बीतने के बाद भी काम नहीं मिलने पर श्याम सिंह ने रकम वापस मांगी. इस पर दीपक ने 3 अगस्त 2022 को 31 लाख रुपए का यश बैंक का चेक दिया. श्याम सिंह जब बैंक पहुंचे तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला.
मैनेजर से भी लिए 25 लाख रुपए
दूसरे मामले में रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के मैनेजर विकास कुमार नागले ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि मई 2022 में श्याम सिंह ठाकुर के माध्यम से उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी. दीपक ने कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का प्रस्ताव दिया. साथ ही शासन के बड़े अधिकारियों से जान-पहचान होने का दावा किया.
जुलाई 2022 में होटल वेलकम श्री के पास श्याम सिंह ठाकुर की मौजूदगी में विकास नागले से 25 लाख रुपए नकद लिए गए. दीपक ने सुरक्षा के तौर पर यश बैंक का चेक भी दिया और कहा कि काम मिलने में देरी होने पर चेक लगाकर रकम वापस प्राप्त कर सकते हैं. काफी समय बीतने के बाद भी न तो काम मिला और न ही रकम वापस की गई. बैंक में पता करने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली.
दोनों शिकायतों के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए हैं. दोनों प्रकरणों में कुल 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है.
दीपक टंडन के खिलाफ पहले दर्ज हो चूकी 6 FIR
पहला मामला – बिलासपुर: 29 अक्टूबर 2026 को एफआईआर दर्ज हुई. आरोप है कि एआई की मदद से शिकायतकर्ता की तस्वीर बदलकर तांत्रिक वेशभूषा में दिखाई गई और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित की गईं. इस मामले में एफआईआर क्रमांक 798/2026 दर्ज है.
दूसरा मामला – रायपुर: आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ. आरोप सरकारी सील तोड़ने, होटल परिसर में प्रवेश करने और धमकी देने से संबंधित हैं.
तीसरा मामला – रायपुर: करीब 16,500 वर्गफीट जमीन और वीआईपी रोड स्थित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट का सौदा 1.16 करोड़ रुपए में कराने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप है. शिकायत में 36,00,016.70 रुपए भुगतान का उल्लेख है.
चौथा मामला – रायपुर: 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने का आरोप है. शिकायतकर्ता के मुताबिक, न तो गाड़ी दी गई और न ही रकम लौटाई गई.
पांचवां मामला – सक्ती: कारोबारी किशन शर्मा ने सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है.
छठवां मामला – कोरबा (दीपका): अंकित सिंह की शिकायत पर 27.90 लाख रुपए की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. शिकायत के अनुसार, रकम लौटाने के लिए दिया गया पांच लाख रुपए का चेक बैंक में होल्ड मिला था. पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.


















