अकवान चक्रवाती तूफान ने अब खतरनाक रूप ले लिया है। बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम तूफान में बदल गया है। अब मंगलवार को इसके और मजबूत होने की आशंका है। इसे लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा, आंध्र सहित, तमिलनाडु, बंगाल सहित कई राज्यों ने तैयारियां शुरू कर दी है। खास कर ओडिशा और आंध्र में किसी भी खतरे को लेकर अधिक सतर्कता बरती जा रही है।
इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि सोमवार शाम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान अकवान 17 नवंबर यानी मंगलवार तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। 16 नवंबर जारी IMD की बुलेटिन के मुताबिक अकवान का केंद्र 16 नवंबर को रात 11:30 बजे चेन्नई से लगभग 610 किमी पूर्व में मौजूद था। वहीं यह विशाखापत्तनम से 670 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 790 किमी दक्षिण में स्थित था।
130 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक अकवान चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तटों को पार करेगा। तट से टकराने यानी लैंडफॉल के समय यहां 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं हवा के झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकते हैं।
13 साल बाद हुआ ऐसा
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डाले तो यहां करीब 13 सालों बाद ऐसी स्थिति बनी है, जब 25 दिनों से कम अवधि में बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती तूफान विकसित हुए हैं। इससे पहले 2013 में 19 नवंबर को ‘हेलेन’, 23 नवंबर को ‘लहर’ और 6 दिसंबर को ‘माडी’ चक्रवाती तूफान बने थे। उसी वर्ष अक्टूबर में ‘फाइलिन’ तूफान भी आया था। अक्टूबर से दिसंबर 2013 के बीच बंगाल की खाड़ी में कुल चार चक्रवाती तूफान विकसित हुए थे। इस बार भी बीते 3 हफ्ते में पहले अर्नब और फिर मुरासु ने तबाही मचाई।
ओडिशा में 74 बचाव दल तैनात
चक्रवाती तूफान अकवान के संभावित असर से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने आपदा तैयारियां तेज कर दी हैं। यहां ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की 60 टीमों और NDRF की 14 टीमों को तैनात किया है। गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और पुरी में अधिकारियों को अलर्ट किया गया है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है जान माल की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला कलेक्टरों को संवेदनशील स्थानों की पहचान करने, राहत केंद्र खोलने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने के निर्देश दिए गए हैं। गंजाम जिले में पहले ही 107 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
भारी बारिश का अनुमान
IMD ने 18 से 21 नवंबर के बीच ओडिशा के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चेन्नई, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD के मुताबिक 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। वहीं 18 नवंबर को कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई और पुडुचेरी में भी भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर के बीच समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा चक्रवात से कई अन्य राज्यों में भी बारिश होने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, विशेष रूप से 19 और 20 नवंबर को तेलंगाना और झारखंड में भी बारिश हो सकती है। 18 से 20 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की आशंका है।


















