गुजरे जमाने की सबसे चहेती कार – मारुति 800 (Maruti 800) ने इतिहास रचते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस भारतीय कार को FIVA World Vehicle Heritage Award मिला है। इस अवॉर्ड को पाने वाली यह भारत की पहली और अब तक की इकलौती कार बन गई है। कंपनी के मुताबिक मारुति 800 को दुनिया भर की 21 ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से अहम गाड़ियों में चुना गया है। इस लिस्ट में अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और स्लोवेनिया जैसे देशों की गाड़ियां भी शामिल थीं।
पहली बार 1987 में हुआएक्सपोर्ट
मारुति सुजुकी के चेयरमैन आरसी भार्गव ने कहा कि मारुति 800 की शुरुआत बहुत छोटे स्तर पर हुई थी, लेकिन इसने भारत को आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार मार्केट बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनके मुताबिक इस कार ने साबित किया कि भारत अच्छी क्वॉलिटी के इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स बना सकता है, जबकि उस समय देश की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी पर सवाल उठाए जाते थे। मारुति 800 को पहली बार 1987 में यूरोप में एक्सपोर्ट किया गया था।
1982 में हुई इंडियन मार्केट में एंट्री
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के प्रेसिडेंट तोशिहिरो सुजुकी ने बताया कि कंपनी ने 1982 में भारत सरकार के साथ जॉइंट वेंचर के जरिए भारतीय बाजार में कदम रखा था। इसके बाद दिसंबर 1983 में मारुति 800 का प्रोडक्शन शुरू हुआ। आज मारुति सुजुकी हर साल 120 से ज्यादा देशों में 4 लाख से अधिक कारें एक्सपोर्ट करती है।
मारुति 800 ने बदली भारतीय कार इंडस्ट्री
1980 के दशक में भारत में कार खरीदना ज्यादातर लोगों के लिए एक बड़ा सपना था। उस समय बाजार में फिएट और एंबेसडर जैसी गाड़ियों का दबदबा था। इस कारण ग्राहकों के पास ज्यादा ऑप्शन भी नहीं थे। इसी दौरान मारुति 800 ने एंट्री की। छोटी, हल्की और चलाने के साथ मेंटेन करने में आसान इस कार ने इंडियन कस्टमर्स की पसंद बदल दी। बेहतर माइलेज और आसान ड्राइविंग के चलते यह जल्द ही पॉप्युलर हो गई। मारुति 800 ने कार को केवल अमीर लोगों तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि मिडिल क्लास परिवारों के लिए भी इसे खरीदना संभव बनाया। कई घरों में यह कार तरक्की और बेहतर लाइफस्टाइल की पहचान बन गई थी।
इस कार ने भारतीय ऑटो इंडस्ट्री को जापानी टेक्नोलॉजी, बेहतर मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस और मजबूत सर्विस नेटवर्क से भी इंट्रोड्यूस कराया। इससे देश में कारों की क्वॉलिटी और ग्राहकों की उम्मीदें दोनों बदलीं। साथ ही, इसने दूसरी कंपनियों के लिए भी भारतीय बाजार में एक्सपैंशन का रास्ता खोला।
52,500 रुपये थी Maruti 800 की शुरुआती कीमत
मारुति 800 की बुकिंग 9 अप्रैल 1983 को शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में ही करीब 1.2 लाख लोगों ने 10 हजार रुपये एडवांस देकर कार बुक कराई थी। मांग इतनी ज्यादा थी कि वेटिंग लिस्ट में सबसे पीछे रहने वाले ग्राहकों को डिलीवरी के लिए तीन साल तक इंतजार करना पड़ सकता था। 8 जून 1983 तक इसकी बुकिंग का आंकड़ा 1.35 लाख से ज्यादा पहुंच गया था। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉन्च के समय दिल्ली में मारुति 800 की कीमत 52,500 रुपये रखी गई थी। इसकी डिलीवरी 14 दिसंबर 1983 को शुरू हुई। पहले 10 ग्राहकों को लॉटरी के जरिए चुना गया था और इंदिरा गांधी ने उन्हें कार की चाबियां सौंपी थीं।


















