उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में समा गई। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। 8 लोगों की मौत हो गई है। दूसरी ओर उत्तराखंड में एक और सड़क हादसे ने 4 लोगों की जान ले ली। रुद्रप्रयाग में बीती रात एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सभी शादी से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त थाना मुनिकीरेती के तहत हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस ऋषिकेश के नजदीक गुलरक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरी है। अब तक 19 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्स भर्ती किया गया है। जबकि, हादसे में 8 की मौत हो गई है। प्रशासन, पुलिस व एसडीआरएफ के लोग मौके पर हैं।
एसडीआरएफ के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर आज सुबह हादसे पर प्रधानमंत्री ने दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से कहा गया, “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से गहरा दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
रेस्क्यू में जुटी टीम
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। खाई में फंसे अन्य यात्रियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान जारी है।
रुद्रप्रयाग हादसे में 4 की मौत
उत्तराखंड में सड़क हादसे की दूसरी घटना रुद्रप्रयाग में हुई। बीती रात शादी समारोह से लौट रहे लोग हादसे का शिकार हो गए। क्यूंजा घाटी के कंडारा के समीप बीती रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार 10 लोगों में से चार की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।


















