ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

आबकारी आरोपी को छोड़ने के मामले में 6 पुलिसकर्मी निलंबित, 1.50 लाख रुपये लेने का आरोप

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से पुलिस विभाग में कार्रवाई की बड़ी खबर सामने आई है। आबकारी एक्ट के आरोपी को कथित तौर पर अवैध रूप से रकम लेकर छोड़ने के मामले में सारागांव थाने के छह पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक और एक प्रधान आरक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों पर आबकारी एक्ट के आरोपी से अवैध रूप से पैसे लेकर उसे छोड़ने का आरोप लगा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीएसपी जांजगीर को सौंपी गई थी।

जांच में प्रथम दृष्टया सही पाए गए आरोप

सीएसपी जांजगीर की जांच में आरोपी से रकम के लेन-देन से जुड़े आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी विजय कुमार पांडेय ने संबंधित छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को शराब के मामले में आरोपियों को 1.50 लाख रुपए लेकर छोड़ने का मामला सामने आया था. इसकी गंभीरता को देखते हुए एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से जांच कराई. जांच में सामने आया कि 4 नवंबर को आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के आरोपी गोपाल गोंड़ से सारागांव थाने के पुलिसकर्मियों ने रकम का लेन-देन किया था. जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की.

निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े, आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन और गोवर्धन टाईगर शामिल हैं. निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर रहेगा. इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.

थाना क्षेत्र से बाहर पकड़ने के बाद की कार्रवाई

मामले में सामने आया कि 4 नवंबर को प्रशिक्षु एसआई पुष्पेंद्र साहू ने आबकारी एक्ट के आरोपी गोपाल गोंड़ को बम्हनीडीह के रोहदा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पकड़ा था. आरोपी के पास 10 लीटर महुआ शराब थी. वह गोविंदा बम्हनीडीह से रोहदा की ओर जा रहा था. पुलिस ने उसे पहले कुछ दूर तक मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाया और सारागांव थाना क्षेत्र की सीमा शुरू होने पर थाने के वाहन में बैठाकर सारागांव ले गई.

आरोप है कि थाने में बड़ी धारा लगाकर जेल भेजने का डर दिखाते हुए आरोपी से 1 लाख 50 हजार रुपए लिए गए और उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन से संबंधित आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई कर मामला खत्म कर दिया गया. जबकि नियमानुसार 10 लीटर शराब के मामले में धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की जानी थी.

रक्षित केंद्र से छह कर्मचारियों की नई पदस्थापना

छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद एसपी ने सारागांव थाने में रक्षित केंद्र से नए कर्मचारियों की पदस्थापना की है. इनमें प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी तथा आरक्षक पदुम कश्यप, राजेंद्र साहू, धर्मेंद्र बंजारे और राजेंद्र राठौर शामिल हैं.

What's your reaction?

Related Posts