छत्तीसगढ़ में 17 लोगों की जान ले चुके उत्पाती हाथी ‘कबरा’ को पकड़ने और सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने का अभियान लगातार चौथे दिन भी सफल नहीं हो सका। उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे 17 अन्य हाथियों के दल में कबरा के शामिल हो जाने से वन विभाग की रेस्क्यू टीम को उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंक्यूलाइज करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी इन दिनों उदयपुर क्षेत्र में सक्रिय है। वन विभाग की टीम उसे ट्रेंक्यूलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सके।
17 हाथियों के दल में शामिल हुआ कबरा
वन विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती कबरा का दूसरे हाथियों के झुंड में शामिल होना है। 17 अन्य हाथियों के साथ रहने के कारण उसे अलग पहचानकर ट्रेंक्यूलाइज करना मुश्किल हो रहा है। टीम सुरक्षित मौका मिलने का इंतजार कर रही है, ताकि अभियान के दौरान दूसरे हाथियों और आसपास के लोगों को किसी तरह का खतरा न हो।
इधर, बस्ती से लगे जंगल में 18 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने सोमवार को भी उदयपुर, चकेरी, दावा और डांडगांव संकुल के कुल 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी. शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हाथियों की गतिविधियों और क्षेत्र की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन के निर्देश पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं.
कुमकी हाथियों को देखकर झुंड में घुस रहा कबरा
मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रणय मिश्रा के मुताबिक कबरा हाथी की ट्रैकिंग के लिए दो कुमकी हाथियों की मदद ली जा रही है. सोमवार को कबरा रामगढ़ के जंगल में झुंड के साथ विचरण करता रहा. रेस्क्यू टीम कुमकी हाथियों की मदद से पहली बार हाथियों के बड़े दल के काफी करीब पहुंचने में सफल रही. विशेषज्ञों ने झुंड में शामिल कबरा हाथी की पहचान भी कर ली है.
उन्होंने बताया कि कुमकी हाथियों को देखकर कबरा भयभीत हो रहा है. वह अकेले विचरण करने के बजाय दूसरे हाथियों के झुंड में शामिल हो जा रहा है. ऐसे में उसे झुंड से अलग करने का प्रयास किया जा रहा है. सुरक्षित अवसर मिलते ही उसे ट्रेंक्यूलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा.
दिनभर चली मशक्कत, खाली हाथ लौटी टीम
कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने के लिए विशेषज्ञों की टीम ने सोमवार को दिनभर मशक्कत की. दो कुमकी हाथियों की मदद से टीम हाथियों के दल के करीब पहुंची, लेकिन कबरा के झुंड में मौजूद रहने के कारण उसे बेहोश करने का जोखिम नहीं लिया जा सका. देर शाम तक प्रयास जारी रहने के बाद रेस्क्यू टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा.
इन स्कूलों में रही छुट्टी
उदयपुर संकुल के प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला बेलढाव और प्राथमिक शाला जूनापारा, चकेरी संकुल के प्राथमिक शाला चकेरी, हाईस्कूल चकेरी, प्राथमिक शाला आमाडुगू, छिंदवारीपारा, तिलहार, हुगू, सरमा, तेंदूटिकरा, माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला बसेन तथा माध्यमिक शाला चकेरी में छुट्टी रही. इसी तरह दावा संकुल के माध्यमिक शाला, प्राथमिक शाला मनोहरपुर, बोगरू, रेचुआ और दावा तथा डांडगांव संकुल के प्राथमिक शाला पटेलपारा में भी अवकाश घोषित किया गया.


















