हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब का कारोबार शुरू करने के नाम पर छत्तीसगढ़ के दो कारोबारियों से 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने कारोबारियों को डायब्लो (रेस्टोरेंट एवं पब) और प्राशी वेंचर्स एलएलपी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा दिया। इस भरोसे में आकर दोनों कारोबारियों ने बड़ी रकम निवेश कर दी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का दिया भरोसा
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब का कारोबार शुरू करने तथा उसमें निवेश के अच्छे अवसर होने की बात कही थी। इसके लिए डायब्लो रेस्टोरेंट एवं पब और प्राशी वेंचर्स एलएलपी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव रखा गया। कारोबारियों को इस निवेश से व्यावसायिक लाभ मिलने का भरोसा दिलाया गया। इसी आधार पर उनसे करोड़ों रुपये की रकम निवेश कराई गई।
इसके बाद उन्हें न तो कंपनी का पार्टनर बनाया गया और न ही निवेश का हिसाब दिया गया. शिकायत पर तारबाहर पुलिस (बिलासपुर) ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. तारबाहर पुलिस के मुताबिक लिंक रोड तारबाहर निवासी शिखर सराफ (38) ने अपने साथी रितेश शाह के साथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत में बताया गया कि बिलासपुर में एक कार्यक्रम के दौरान शेषम कौर से उनकी मुलाकात हुई थी. इसके बाद हैदराबाद में डायब्लो पब का कारोबार शुरू करने और उसमें 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव रखा गया. आरोपियों ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी का अधिकृत प्रतिनिधि बताते हुए निवेश के लिए भरोसा दिलाया. इस संबंध में 10 जनवरी 2025 को निवेश का एग्रीमेंट किया गया. इसमें 3 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए के निवेश पर 25 प्रतिशत स्वामित्व और मुनाफे में हिस्सेदारी देने की बात कही गई थी. शिकायत के अनुसार शिखर सराफ ने अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ 45 लाख रुपए, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपए और सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान किया. इस तरह कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए प्राशी वेंचर्स एलएलपी के हैदराबाद स्थित बैंक खाते में जमा कराए गए.
न पार्टनर बनाया न दिया हिसाब
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रकम लेने के बाद उन्हें एलएलपी में औपचारिक रूप से शामिल नहीं किया गया. बाद में पता चला कि नए पार्टनर बनाने के लिए कंपनी के अन्य साझेदारों की सहमति भी नहीं ली गई थी. पब का कारोबार भी कुछ समय बाद बंद हो गया. आरोपियों से हिसाब मांगने पर टालमटोल की गई.
शिकायत में किराया बकाया रखने, वेंडरों का भुगतान नहीं करने, वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने और निवेश की रकम दूसरे कारोबार में लगाने के आरोप भी लगाए गए हैं. शिकायतकर्ताओं ने बैंक खातों, क्यूआर कोड ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है. तारबहार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.


















