सरगुजा जिले में जमीन के राजस्व अभिलेखों में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आजाद इराकी और पटवारी सहित कुल चार व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। यह मामला दरिमा तहसील के ग्राम दरिमा स्थित भूमि के खसरा नंबर 1322 और 1322.2 से जुड़ा है।
कलेक्टर ने तहसीलदार दरिमा को निर्देश दिया है कि तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही विवादित भूमि की रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए न्यायालय में सिविल वाद दायर करने को कहा गया है। इस संबंध में पालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करना होगा।
राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी की शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दरिमा में खसरा क्रमांक 1322 की 1.117 हेक्टेयर भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों में कथित गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मूल खसरा नंबर 1322 की भूमि को खसरा नंबर 1322.2 के रूप में नई प्रविष्टि दर्ज कर दिया गया।
मामले में भूमि के रकबे और खसरा नंबर में बदलाव किए जाने को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद तहसीलदार दरिमा से मामले की जांच कराई गई।
मामले में जांच के दौरान सामने आया कि सिंहदेव योजना के अंतर्गत वर्ष 1968.69 में शासकीय पट्टेदार चंदर पिता बजरंग पनिका को ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322 की कुल 2.76 एकड़ भूमि का पट्टा प्रदान किया गया था. जांच प्रतिवेदन के अनुसार वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में खसरा नंबर 1322 का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था. इसके बाद कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में खसरा नंबर 1322 को बटांकित कर हस्तलिखित अंकित कर खसरा नंबर 1322.1 रकबा 1.117 हेक्टेयर तथा खसरा नंबर 1322.2 रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज किया गया.
खसरा नंबर 1322.2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम पर दर्ज किया गया तथा कैफियत कॉलम नम्बर 12 में कारण हस्तलिखित खसरा लुप्त होने का उल्लेख किया गया. उक्त खसरा में प्रविष्टि किये जाने के संबंध में कोई भी सक्षम आदेश व अनुमोदन की प्रविष्टि खसरा में नहीं है. जिससे यह स्पष्ट हो सके कि किस सक्षम अधिकारी के आदेश से उक्त प्रविष्टि की गई है. यह स्पष्ट है कि खसरा नंबर 1322.2 को निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से कूटरचना कर प्रविष्टि की गयी हैए क्योंकि खसरा नंबर 1322.2 का कोई विधिक अस्तित्व ही नहीं है. कलेक्ट्रेट अजीत वसंत के द्वारा इस मामले में रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर कर तथा अवैध प्रविष्टि को विलोपित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया गया है. विदित हो कि वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक दूबे के द्वारा इस संबंध में 29 अप्रैल को सरगुजा कलेक्ट्रर से शिकायत की गई थी.
अलग से खसरा नंबर किया सृजित
जांच में यह भी सामने आया कि मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कमी किए बिना अलग से खसरा नंबर 1322.2 सृजित कर 2.202 हेक्टेयर भूमि बलीराम के नाम दर्ज की गई. इसके बाद 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी द्वारा ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की गई. तत्पश्चात 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से उक्त भूमि को आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी तथा रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को विक्रय किया गया.
निजी मद में दर्ज करने के बाद हुआ खेल
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जांच प्रतिवेदन के आधार पर स्पष्ट किया गया है कम्प्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में खसारा नम्बर 1322 को बटांकित कर हस्तलिखित अंकित कर खसरा नम्बर 1322.1 रकबा 1.117 हेणू करते हुये खसरा नम्बर 1322.2 रकबा 2.202 हेक्टेर दर्ज कर बलीराम पिता रामप्रसाद के नाम पर कूटरचना कर दर्ज कर दिया गया है तथा कैफियत कॉलम नंबर 12 में कारण हस्तलिखित में लुप्त खसरा होने से अंकित किये जाने का उल्लेख किया गया है. उक्त प्रविष्टि के संबंध में सक्षम आदेश एवं अनुमोदन उपलब्ध नहीं है. इस प्रकार राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर भूमि को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज किए जाने तथा उसके आधार पर विक्रय किए जाने का मामला सामने आया है.
इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश
कलेक्टर ने विक्रेता बलीराम पिता रामप्रसाद निवासी ग्राम खजुरी तहसील दरिमा, क्रेता आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी निवासी जयनगर सूरजपुर, रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह निवासी विश्रामपुर सूरजपुर, ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.


















