रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल करा दिया गया है। खास बात यह है कि डॉक्टरों की गिरफ्तारी का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले दो दिनों से राजधानी में अलग-अलग मामलों में पुलिस डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
लगातार दूसरे दिन डॉक्टरों पर पुलिस की कार्रवाई
रायपुर में बीते दो दिनों के दौरान अलग-अलग मामलों में डॉक्टरों की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है। ताजा मामले में पुलिस ने दो डॉक्टरों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
गोबरा नवापारा पुलिस ने नाबालिग के निजी अस्पताल में प्रसव कराने और नवजात के शव को नाली में फेंकने के मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं, दो डॉक्टरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. नाबालिग के गर्भवती होने के मामले में एक आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही नवजात को नाला में फेंकने के मामले में नाबालिग को भी आरोपी बनाया गया है.
पुलिस के अनुसार गोबरा नवापारा के आयुष्मान अस्पताल के दो डॉक्टर और एक ओपीडी कर्मी समेत चार आरोपियों को दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग का अवैध रूप से प्रसव कराने को लेकर पुलिस को सूचना नहीं देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस को 31 अक्टूबर की सुबह सात बजे नाली में नवजात की लाश मिली थी, इसकी जांच करते हुए आयुष्मान अस्पताल तक पहुंची. पुलिस के मुताबिक नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भपात एवं नवजात शिशु का शव नाली में फेंकने के मामले में दौलत चक्रधारी पिता पोखराज चक्रधारी (20 वर्ष) कोलियारी गोबरा नवापारा, ओपीडी कर्मी चुम्मन साहू पिता लोमेश साहू (23 वर्ष) कुरुसकेरा थाना राजिम, डॉ. बुधपाल सिंह पिता भूरेलाल सिंह (38 वर्ष) निवासी अनुव्रत विहार टीचर्स कॉलोनी कोटा रायपुर व डॉ. प्रदीप यादव पिता अशोक यादव (31 वर्ष) मूलनिवासी अमेठी उप्र, हाल पता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नवापारा के खिलाफ धारा 64(2) (एम), 91, 238 बीएनएस एवं 6, 21 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. सभी को गुरुवार को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है.
CCTV में कैद हुई बच्चे को ले जाकर फेंकने की फुटेज
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया. विवेचना में बेचना में पता चला कि 30-31 अक्टूबर की दरम्यानी रात्रि में एक नाबालिग बालिका ने आयुष्मान अस्पताल गोवरा नवापारा में नवजात शिशु को जन्म दिया था. पीएम से पता चला कि नवजात जन्म के वक्त जिंदा था. धारा 194 बीएनएस के तहत मर्ग जांच शुरू की गई. पूछताछ में सामने आया कि प्रेम प्रसंग में फंसाकर आरोपी दौलत चक्रधारी ने मजदूर परिवार की 17 वर्षीय नाबालिग का शोषण किया. नालाबिग के गर्भवती होने पर उसे दवाइयां भी दी. पेट में अचानक दर्द होने पर नाबालिग को उसकी मां और अन्य लोग आयुष्मान अस्पताल ले गए. वहां ओपीडी में तैनात कर्मी चुम्मन साहू ने उसकी भर्ती पर्ची बनाई. दोनों डॉक्टर उस रात ड्यूटी पर थे और नाबालिग का प्रसव भी कराया. तीनों ने पॉक्सो एक्ट की धारा 19 में निर्धारित कर्तव्यों का पालन नहीं किया व गर्भवती नाबालिग के उपचार और प्रसव के संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी.


















