राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के सामने आई नेक्स्ट एप्पल स्टोर से 1.89 करोड़ रुपए के 173 नग मोबाइल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने इंदौर रेंज से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में चोरी की घटना में तीन शातिरों के शामिल होने की बात सामने आई है. दो अन्य की तलाश जारी है. आरोपी की गिरफ्तारी की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
एप्पल स्टोर में चोरी की 31 अक्टूबर की रात हुई थी. दूसरे दिन सुबह मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा तो उन्होंने देखा कि दुकान का शटर एक तरफ से उठा हुआ है. इसके बाद मैनेजर ने घटना की जानकारी अपने मालिक को दी. मौके पर पहुंचकर पड़ताल करने पर पाया कि आरोपी शॉप से 173 नग कीमती मोबाइल चोरी कर ले गए हैं. साथ ही एप्पल स्टोर में लगा डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए. इस कारण आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी.
कंजर गिरोह के हाथ होने की आशंका
वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका थी कि चोरी की घटना में बिहार के शातिर चादर गैंग का हाथ है. पुलिस को भगत सिंह चौक के पास तीन संदिग्धों के स्पष्ट सीसीटीवी फूटेज मिले. फूटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई तो आरोपियों के मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई.
गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद दो फरार
कंजर गिरोह के बदमाशों को पकड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होती है. गिरोह से जुड़े बदमाश पुलिस को देखते ही उस पर हमला कर देते हैं. इस बात को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस, मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से एक आरोपी तक पहुंची. गिरोह से जुड़े बदमाश स्थानीय पुलिस पर हमला नहीं करते. इस कारण रायपुर पुलिस को मध्यप्रदेश पुलिस की मदद लेनी पड़ी. बताया जा रहा है, अपने एक साथी के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद दो अन्य बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए.
कितना माल रिकवर, अब तक स्पष्ट नहीं
आरोपियों ने चोरी के मोबाइल को कहां खपाए हैं या छिपाए हैं. इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. साथ ही गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने कितने मोबाइल रिकवर किए हैं. इसे लेकर पुलिस कुछ भी बताने से बच रही है. पुलिस अफसरों के अनुसार, घटना में शामिल फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है. उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर छापे की कार्रवाई की जा रही है. अन्य फरार आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है.
इश्तेहार से आरोपी तक पहुंचने में मिली मदद
आरोपियों के भगत सिंह चौक के पास मिले सीसीटीवी फूटेज का पीछा करते हुए आमानाका के रास्ते होते हुए संभावित भागने के स्थान के पुलिस फूटेज खंगालते हुए महाराष्ट्र पहुंची. आरोपियों का अंतिम लोकेशन भंडारा तथा भंडारा से सटे मौदा तक मिला. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इश्तेहार जारी कर मोबाइल नंबर जारी किया. इश्तेहार देख पुलिस को अज्ञात नंबर से आरोपियों के बारे में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली. जानकारी की पुष्टि करने के बाद पुलिस की टीम रवाना की गई. टीम ने एक आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपी जिस बाइक से फरार हुए, वह भी चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है.


















