ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष; अब तक 589 सवाल लगाए

रायपुर। छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का ग्यारहवां सत्र (शीतकालीन सत्र) आगामी 14 दिसंबर से शुरू होगा। यह सत्र 17 दिसंबर तक चलेगा। चार दिनों के इस सत्र के लिए कुल चार बैठकें निर्धारित की गई हैं। सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही विधायकों ने सरकार से सवाल पूछने की तैयारी शुरू कर दी है।

19 नवंबर तक की स्थिति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से कुल 589 सवाल लगाए जा चुके हैं। इनमें 315 तारांकित और 274 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।

तारांकित प्रश्नों की संख्या ज्यादा

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए अब तक प्राप्त सवालों में तारांकित प्रश्नों की संख्या अधिक है। कुल 315 तारांकित सवाल लगाए गए हैं, जबकि 274 अतारांकित प्रश्न हैं।

तारांकित प्रश्नों पर सदन में संबंधित मंत्री से मौखिक जवाब मांगा जा सकता है। वहीं, अतारांकित प्रश्नों के जवाब लिखित रूप में दिए जाते हैं।

सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

शीतकालीन सत्र भले ही चार दिनों का हो, लेकिन सवालों की बढ़ती संख्या से सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने के संकेत मिल रहे हैं। विपक्ष के विधायक सरकार से जनहित, विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और विभागीय कामकाज से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांग सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि सत्र को लेकर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सवालों के जरिए सत्तापक्ष को सदन में घेरने की तैयारी कर रही है. विपक्ष के लिए बड़ा मुद्दा धान खरीदी का होगा, जो 15 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है, मगर बीते 25 दिनों में किसानों को बेमौसम बारिश का सामना करना पड़ा है. किसानों के मुद्दों के अलावा कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी इस सत्र में जोर-शोर से उठेंगे.

सत्र के दौरान राज्य की भाजपा सरकार अपने तीन साल का कार्यकाल भी पूरा करेगी. लिहाजा मोदी की गारंटी के साथ-साथ वोट चोरी व एसआईआर के मुद्दे पर भी नोकझोंक होने की संभावना जताई जा रही है. दूसरी ओर, सत्तापक्ष भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी करेगा. इसके लिए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी.

What's your reaction?

Related Posts