छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में 1501 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क जमा करने के लिए भी अतिरिक्त समय दिया गया है।
अब तक इस भर्ती के लिए करीब डेढ़ लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
तीनों कंपनियों में भरे जाएंगे 1501 पद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1501 पद भरे जाएंगे। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं।
38 प्रकार की नियुक्तियां होनी है
भर्ती के लिए जारी विज्ञापन के अंतर्गत 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. इनमें सबसे अधिक आवेदन डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों के लिए प्राप्त हुए हैं. इस पद के लिए लगभग 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद तीनों पावर कंपनियों में रिक्त हैं. इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित विभिन्न तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों पर भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं.
सभी पदों के लिए चयन प्रक्रिया के अंतर्गत कम्प्यूटर बेस्ड मल्टीपल चॉइस टेस्ट आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी. डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा. इसी प्रकार स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के पदों के लिए भी निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी.


















