छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना का रास्ता जल्द साफ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान साइंस सिटी की स्थापना से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश के लोगों, खासकर बच्चों और विद्यार्थियों को विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
साइंस सिटी में होंगे ये खास आकर्षण
नवा रायपुर में बनने वाली साइंस सिटी को आधुनिक तकनीक और विज्ञान से जुड़ी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां लोगों के मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की योजना है।
प्रस्तावित साइंस सिटी में ये प्रमुख आकर्षण विकसित किए जाएंगे:
- 7-D थिएटर: आधुनिक तकनीक के जरिए विज्ञान और अन्य विषयों का रोमांचक अनुभव मिलेगा।
- तारामंडल: यहां लोग ग्रहों, तारों और अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से समझ सकेंगे।
- स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी: अंतरिक्ष विज्ञान और खगोल विज्ञान से जुड़ी जानकारियां मिलेंगी।
- डिजिटल पैनोरमा: डिजिटल तकनीक के माध्यम से विज्ञान से जुड़े विषयों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
- नवीकरणीय ऊर्जा पार्क: सौर ऊर्जा सहित स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा के स्रोतों के बारे में जानकारी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जल्द प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना से संबंधित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में विज्ञान शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं से रूबरू कराना है। साथ ही प्रदेश के युवाओं और शोधकर्ताओं के नए आविष्कारों को पेटेंट के जरिए कानूनी संरक्षण दिलाने में सरकार मदद करेगी।
आम लोगों की जरूरतों के अनुसार तैयार होंगी तकनीकी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल सरकारी विभागों और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में भी होना चाहिए। कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व विभाग की जरूरतों के अनुसार तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने को कहा गया है।
पेटेंट के लिए टोल फ्री नंबर जारी, गांवों में चलेगी चलित विज्ञान बस
- बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट सहित बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में मदद देने के निर्देश दिए। इसके लिए विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं के मौलिक विचारों और आविष्कारों को कानूनी संरक्षण दिलाना है।
- ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक विज्ञान की जानकारी पहुंचाने के लिए चलित विज्ञान बस संचालित करने की योजना पर भी जोर दिया गया। इसके जरिए गांवों में वैज्ञानिक प्रयोगों और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


















