ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में कोचिंग संस्थानों पर लगेगी लगाम! बीच में कोर्स छोड़ने पर लौटानी होगी फीस

छत्तीसगढ़ में कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है। इसके तहत अब अगर कोई विद्यार्थी पूरे कोर्स की फीस जमा करने के बाद बीच में ही पढ़ाई छोड़ देता है तो कोचिंग संस्थान को बची हुई अवधि की फीस आनुपातिक आधार पर वापस करनी होगी। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें किसी कारणवश अपना कोर्स बीच में ही छोड़ना पड़ता है।

जितने महीने पढ़ाई, उतनी ही फीस कटेगी

प्रस्तावित व्यवस्था के मुताबिक, कोचिंग संस्थान विद्यार्थी से केवल उतनी ही अवधि की फीस रख सकेंगे, जितने समय तक उसने पढ़ाई की है। बाकी अवधि की फीस उसे वापस करनी होगी।

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी विद्यार्थी ने एक वर्षीय कोर्स के लिए 60 हजार रुपये जमा किए हैं और वह चार महीने बाद पढ़ाई छोड़ देता है तो संस्थान चार महीने की फीस यानी 20 हजार रुपये रख सकेगा। शेष आठ महीने की फीस के रूप में 40 हजार रुपये विद्यार्थी को लौटाने होंगे।

बता दें, छात्रों से मनमानी वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित माहौल जैसी शिकायतों के बाद राज्य सरकार एक नया अधिनियम लाने की तैयारी में है. इसका मकसद शिक्षण केंद्रों को जवाबदेह बनाना और पढ़ने वालों को सुरक्षित वातावरण देना है. इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा.

नामांकन से पहले जानकारी देनी होगी

नामांकन से पहले ही संस्थान को शुल्क संरचना और पढ़ाए जाने वाले विषयों की पूरी जानकारी देनी होगी. ताकि छात्र व परिवार सोच-समझकर फैसला ले सकें. इस प्रस्तावित नियम का दायरा काफी व्यापक रखा गया है. चिकित्सा, अभियांत्रिकी, लोक सेवा आयोग, बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले सभी केंद्र इसके अंतर्गत आएंगे.

सरकार ने जारी किया निर्देश

केंद्र की ओर से जारी आदर्श दिशा-निर्देशों से प्रदेश का नियम अधिक सख्त होगा. केंद्र ने पचास से अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्रों के पंजीकरण की बात कही थी, जबकि छत्तीसगढ़ में बीस या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्रों को भी पंजीकरण कराना होगा. इससे छोटे केंद्र भी निगरानी में आ जाएंगे.

विद्यार्थियों के मनोबल और सुरक्षा को लेकर भी कई प्रावधान रखे गए हैं. हर केंद्र में परामर्श की व्यवस्था होगी और परेशान करने वाली घटनाओं की सुनवाई के लिए अलग तंत्र बनेगा. छात्र व अभिभावक दिन-रात चलने वाली हेल्पलाइन पर फीस, सुरक्षा और उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. निगरानी के लिए दो स्तरीय व्यवस्था बनेगी. राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अगुवाई में प्राधिकरण और जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित होगी. नियम तोड़ने पर दस हजार से पांच लाख तक का आर्थिक दंड और पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई हो सकती है.

What's your reaction?

Related Posts