रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के प्रतिनिधित्व में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव के लागू होने के बाद लोकसभा में छत्तीसगढ़ की सीटों की संख्या मौजूदा 11 से बढ़कर 16 से 17 तक हो सकती है। यानी राज्य को 5 से 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं।
इस बदलाव से संसद में छत्तीसगढ़ की भागीदारी बढ़ेगी और राष्ट्रीय राजनीति में राज्य की आवाज पहले से अधिक मजबूत प्रतिनिधित्व के साथ सामने आ सकेगी। हालांकि, अभी सीटों की संख्या का अंतिम निर्धारण परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
सभी राज्यों में 50 फीसदी तक बढ़ेंगी सीटें
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, परिसीमन के बाद राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 फीसदी तक बढ़ाई जाएगी। इसके लिए संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लोकसभा की 11 सीटें हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के आधार पर इनकी संख्या 16 से 17 तक पहुंचने का अनुमान है।
50 फीसदी सीटों की बढोतरी
छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटों की संख्या 11 हैं. प्रस्ताव है कि सीटों की संख्या में 50 फीसदी की वृद्धि की जाएगी. इसके बाद ये संख्या 17 हो जाएगी. इस तरह देखा जाए तो 6 सीटें बढ़ जाएंगी. अंतिम संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण परिसीमन आयोग ही करेगा. सीटों का आकलन आबादी के अनुपात के आधार पर किया जाएगा. वर्तमान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, कांकेर और रायगढ़ संसदीय क्षेत्र हैं.
विधानसभा के सदस्यों की संख्या 135 होगी
छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य संख्या 90 है यानी राज्य में 90 विधानसभा क्षेत्र हैं. इनमें 50 फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो ये 135 हो जाएगी. विधानसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ जाएगा. इस तरह देखा जाए तो 45 सीटों की वृद्धि होगी. इसके साथ ही रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव जैसे बड़े शहरों के शहरी क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्रों में वृद्धि आएगी. विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के मामले में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.
छत्तीसगढ़ में साल 2028 में विधानसभा चुनाव होना है. इससे पहले परिसीमन होता है या नहीं, फिलहाल अभी तय नहीं हो पाया है. वहीं, 33 फीसदी महिला आरक्षण की बात करें तो इसके लागू होने के बाद हर तीसरी सीट महिला के लिए आरक्षित रहेगी. बढ़ हुई संख्या के आधार पर देखें तो 17 में से लगभग 6 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होगी. विधानसभा की बात करें तो 135 सीटों में से 45 सीट महिलाओं के लिए रिजर्व होगी.


















