छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर पिछले तीन वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। राज्य में नए सरकारी कॉलेज शुरू करने से लेकर मौजूदा कॉलेजों में प्रवेश क्षमता बढ़ाने तक कई बदलाव हुए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन साल में प्रदेश में 13 नए सरकारी कॉलेज शुरू किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न कॉलेजों में 3356 नई सीटें बढ़ाने की अनुमति दी गई है। वहीं, शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 391 नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
हालांकि, इन उपलब्धियों के बीच शिक्षकों की कमी अब भी उच्च शिक्षा विभाग के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों के 2394 पद अभी भी खाली हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नए कॉलेज और बढ़ी हुई सीटों पर पढ़ाई की गुणवत्ता कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
तीन साल में 13 नए सरकारी कॉलेज शुरू
उच्च शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 13 नए सरकारी कॉलेज शुरू किए गए हैं। इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना और विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में कॉलेज की सुविधा उपलब्ध कराना है।
नए कॉलेज खुलने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
कॉलेजों में बढ़ाई गईं 3356 सीटें
प्रदेश के मौजूदा सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और प्रवेश की मांग को देखते हुए 3356 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की अनुमति दी गई है। इससे अधिक विद्यार्थियों को स्नातक और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिल सकेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
दरअसल, शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री ने नया रायपुर में विभाग की उप्लब्धियों के बारे में जानकारी दी. जिसमें उन्होंने बताया कि, शिक्षा क्षेत्र में सरकार का फ्यूचर विजन क्या है. उन्होंने बताया कि, 84 कॉलेजों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं. इसके अलावा 13 कॉलेजों में हॉस्टल सहित अन्य ढांचों के लिए भी मंजूरी दे दी गई है. इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने इंटर्नशिप नीति-2026 के बारे में भी जानकारी दी.
शिक्षक भर्ती कबसे अटकी
गौरतलब है कि, सरकारी कॉलेजों में विस्तार तो तेजी से हुआ है लेकिन, बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रदेश में शिक्षकों की काफी कमी है. जानकारी के मुताबिक, सहायक प्राध्यापकों के 5347 पदों में से 2394 पद खाली है. इसका मतलब 45 फीसदी के आसपास शिक्षकों की भर्ती अभी होनी है. वहीं, साल 2025 में 625 असिस्टेंट प्रोफेसर और ग्रंथपाल क्रीडाधिकारी के 75 पदों पर भर्ती की घोषणा का गई थी. लेकिन अभी तक इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है.
इस सत्र का बजट भी बढ़ाया गया
बता दें, उच्च शिक्षा विभाग का बजट भी 2023-24 में 1277 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1816 करोड़ रुपये कर दिया है. सरकार का फोकस अब दूसरी सुविधाओं पर भी है. उच्च शिक्षा मंत्री के मुताबिक, सरकार कॉलेज के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी में है.


















