कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजित दिपके ने बुधवार को पुणे में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान आगे की योजना को के बारे में चर्चा की। इसी दौरान उनसे सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू की ‘इश्क करो पार्टी’ के बारे में पूछा गया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज काटजू ने युवाओं से कॉकरोच जनता पार्टी छोड़कर उनकी इश्क करो पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया था। अभिजित दिपके से जब इस बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि किसी को भी कोई भी पार्टी शुरू करने का अधिकार है।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज काटजू द्वारा सोशल मीडिया पर शुरू की गई इस नई पार्टी को लेकर दिपके ने कहा, “मुझे लगता है कि यह देश एक लोकतांत्रिक देश है, ऐसे में किसी को भी कोई भी पार्टी शुरू करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
क्या है पूर्व जज काटजू की ‘इश्क करो पार्टी’?
सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व जज काटजू ने कुछ दिनों पहले ही अपनी नई व्यंग्यात्मक पार्टी बनाने का ऐलान किया था। इस पार्टी का नाम रखा गया ‘इश्क करो पार्टी’ इस पार्टी के लिए काटजू ने एक इंस्टा पेज, फेसबुक पेज और वेबसाइट को भी बनाया है। इतना ही नहीं काटजू ने लोगों ने अपील भी की है कि लोगों को कॉकरोच जनता पार्टी को छोड़कर उनकी इश्क करो पार्टी ज्वाइन करनी चाहिए।
अपनी इस पार्टी के बारे में बताते हुए जस्टिस काटजू लिखते हैं कि उन्होंने इस पार्टी को बनाने का प्रस्ताव अमेरिका में रहने वाले अपने दोस्त इरफान अली के सामने रखा था। जब इरफान को यह प्रस्ताव पसंद आया, तो उन्होंने तुरंत ही इसे बनाने का ऐलान कर दिया। इसके बाद इसके सोशल मीडिया पर पेज बनाए गए।
जस्टिस ने लिखा, “जब मैंने इस पार्टी के बारे में ट्वीट किया, तो कई लोगों को यह सिर्फ एक मजाक लगा। उन्हें लगा कि मैं लड़के और लड़कियों के बीच में रोमांस को बढ़ावा देने के लिए वैलेंटाइन जैसा कुछ बना रहा हूं। लेकिन यह उनकी गलतफहमी है। असल में हमारी पार्टी भारत की बहुत बड़ी समस्या से निपटने के लिए बनी है। हमारी इश्क करो पार्टी के लिए इश्क का मतलब पुरुष और महिला के बीच का प्यार नहीं है, बल्कि अपने देश भारत और यहाँ रहने वाले लोगों के लिए प्यार है। चाहे उनका धर्म, जाति, भाषा या नस्ल कुछ भी हो। साथ ही, उनसे अपने मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की अपील भी है।”



















