अचानकमार टाइगर रिजर्व का बंद गेट 1 नवंबर से ओपन कर दिया गया है. इस वर्ष शिवतराई के साथ एक नया गेट केंवची की ओर से भी बनाया गया है, ताकि मध्यप्रदेश की ओर से आने-जाने वाले सैलानियों को परेशानी न हो. गेट ओपन होने के चार दिन बाद सैलानियों की संख्या भ्रमण के लिए काफी कम रही, जिसमें शिवतराई रिसॉर्ट के पांच कमरों के अलावा दोनो ओर गेट के 19 सफारी की बुकिंग कर सैलानियों ने कोर जोन में भ्रमण किया.
अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर जोन में प्रवेश करने के लिए सैलानियों को पहले शिवतराई के बेरियर में रूकने के बाद अपनी गाड़ियों को छोड़कर जिप्सी में भ्रमण करने की अनुमति है, लेकिन लोरमी के रास्ते से जाकड़बांधा होते हुए कोर जोन के सुरही रेंज में प्रवेश के लिए बेरियर होने के बाद भी कुछ लोग बैरियर गार्ड की लापरवाही के कारण अंदर प्रवेश कर रहे थे. एटीआर प्रबंधन ने अब कड़ा नियम बना दिया है. इस नियम के तहत अब एटीआर के कोर और बफर जोन में लोग बिना अपनी जांच कराए अंदर प्रवेश नहीं कर सकते हैं. वहीं सभी बेरियरों पर सीसी कैमरे लगाए गए हैं, जाकड़बांधा और सुरही रेंज में सीसी कैमरे भी लगाए गए हैं. वहीं शिवतराई की तरह एक गेट केंवची की ओर भी बना दिया गया है, जिसका वर्चुअल उद्घाटन वन मंत्री ने कर दिया है. वर्तमान में शिवतराई के बैगा रिसार्ट में सैलानियों को एटीआर के कोर जोन में भ्रमण कराने के लिए जिप्सी और अन्य गाड़ियों की सुविधाएं दी गई हैं, जिसका संचालन समिति की ओर से किया जा रहा है. बैगा रिसार्ट की तरह केंवची में एक नया गेंट बनकर तैयार हो रहा है, जहां मध्यप्रदेश और अन्य स्थानों से आने वाले सैलानियों को सुविधा देने के लिए गाड़ियों के साथ स्टाफ की भी संख्या बढ़ाई गई है. एक नवम्बर को बारिश में चार माह बंद शिवतराई के साथ नए केट केंवची को ओपन कर दिया गया है.
इन दोनों गेट के खुलने से प्रबंधन को सैलानियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन चार दिन के अंतराल में कोर जोन में भ्रमण करने वाले सैलानियों संख्या शतक भी पार नहीं कर पाई है. प्रबंधन के अनुसार दिन में में सैलानियों ने शिवतराई के पांच रिसॉर्ट की बुकिंग कराने के साथ 19 गाड़ियों की बुकिंग कराने के बाद कोर जोन का भ्रमण किया है.
दीपावली की वजह से संख्या कम
प्रबंधन के अनुसार 1 नवम्बर से शिवतराई और केंवची के गेट को ओपन किया गया है. इस दौरान 8 नवम्बर को दीपावली पर्व की वजह से लोग अपने-अपने काम में व्यस्त हैं, जिसके कारण सैलानियों की संख्या बढ़ नहीं सकी है. उम्मीद की जा रही है दीपावली और छठ पर्व के उपरांत सैलानियों की संख्या बढ़ने से समिति के सदस्यों को भी फायदा होगा और रिसॉर्ट की बुकिंग भी बढ़ सकेगी.
एक नया गेट जाकड़बांधा में
इसी तरह सैलानियों की सुविधा एवं जंगल भ्रमण के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए केवची गेट पर दो सफारी वाहनों की व्यवस्था की गई है. इसमें एक 6 सीटर जिप्सी के अलावा एक आठ सीटर महारानी वाहन शामिल हैं. केंवची के अलावा एक बेरियर लोरमी की ओर से आने वाले क्षेत्र जाकड़बांधा में बनाने का भी निर्णय लिया गया है.


















