देश के चर्चित उद्योगपति अनिल अंबानी (Anil Ambani) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जांच एजेंसी सीबीआई ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अनिल अंबानी (Jay Anmol Anil Ambani) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीबीआई (CBI) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से धोखाधड़ी के मामले में यह एफआईआर (FIR) दर्ज किया है। यह पूरा मामला 228 करोड़ रुपये की बैंकिंग फ्रॉड से जुड़ा है। बता दें, सीबीआई ने बैंक की शिकायत पर यह एक्शन लिया है। सीबीआई की तरफ से फाइल किए गए केस में जय अनमोल अनिल अंबानी, रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के अलावा रविंद्र शरद सुधाकर का नाम भी है।
क्या की गई है शिकायत
बैंक (पहले आंध्रा बैंक) की तरफ से की गई शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने अपने बिजनेस की जरूरतों को पूरा करने के लिए मुंबई में बैंक की एससीएफ ब्रांच से 450 करोड़ रुपये की क्रेडिट लिमिट ली थी। इसके लिए कुछ शर्तें भी लगाई गई थी, जैसे पेमेंट, ब्याज, दूसरे चार्ज का पेमेंट, सिक्योरिटी और दूसरे जरूरी पेपर्स को समय से जमा करना था। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त हुए पैसों को बैंक अकाउंट के जरिए ही भेजना था। एक अधिकारी के अनुसार कंपनी अपनी किश्तें समय से नहीं दे पाई। जिसके बाद 30 सितंबर 2019 को उस अकाउंट को एनपीए घोषित कर दिया गया।
कैसे पता चला फ्रॉड
अधिकारी ने बताया कि ग्रांट थॉर्नटन (जीटी) द्वारा एक अप्रैल, 2016 से 30 जून, 2019 तक के लेन-देन का रिव्यू किया गया। अकाउंट के फॉरेंसिक जांच में पता चला कि उधार लिए गए पैसों का गलत बंटवारा किया गया था। बैंक ने आरोप लगाया, “आरोपी व्यक्तियों ने उधारकर्ता कंपनी के पूर्व प्रमोटर्स/डायरेक्टर्स की हैसियत से अकाउंट्स में हेराफेरी और आपराधिक विश्वासघात के माध्यम से धन का दुरुपयोग किया तथा जिस उद्देश्य के लिए पैसा दिया गया था, उसके अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए धन का दुरुपयोग किया।”
पहली बार आया बेटे का नाम
यह पहली बार है जब अनिल अंबानी के बेटे का नाम किसी केस में आया है। इसी साल जांच एजेंसियों ने एक अलग मामले में अनिल अंबानी के घर, ऑफिस सहित कई जगहों की जांच की थी। जिसके बाद करोड़ों की संपत्तियों को अटैच कर दिया था।
कंपनी के शेयरों में लगा है अपर सर्किट
रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के शेयरों में आज मंगलवार को 5 प्रतिशत का अपर सर्किट है। इस उछाल के बाद बीएसई में कंपनी के शेयरों का भाव 3.12 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया।


















