रायपुर। निःशुल्क शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में कक्षा पहली में प्रवेश के लिए प्रदेशभर में बुधवार को लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस वर्ष कुल 21,975 सीटों के लिए 14,403 बच्चों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश 1 मई से शुरू होगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस बार आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव करते हुए कक्षा पहली में ही सीधे प्रवेश देने का प्रावधान लागू किया गया है। प्रदेश के 6,865 निजी स्कूलों में उपलब्ध सीटों के लिए कुल 38,439 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से दस्तावेजों की जांच के दौरान 11,236 आवेदन अपात्र पाए जाने के कारण निरस्त कर दिए गए। पात्र आवेदनों के आधार पर लॉटरी के जरिए चयन सूची जारी की गई।
चयन सूची का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष रूप से मुख्यमंत्री डीएवी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेश के लिए जिला स्तर पर ऑफलाइन लॉटरी निकाली जाएगी।
रिक्त सीटों के लिए दोबारा आवेदन
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कई निजी स्कूलों को अभिभावकों द्वारा प्राथमिकता नहीं दी जाती, जिसके कारण वहां सीटें खाली रह जाती हैं। कई मामलों में स्कूलों को दूसरी या तीसरी प्राथमिकता में रखा जाता है, जिससे पहली पसंद के स्कूल में चयन होने पर अन्य स्कूलों की सीटें रिक्त रह जाती हैं। ऐसी स्थिति में खाली सीटों को भरने के लिए दोबारा आवेदन मंगाए जाएंगे।
जिलेवार चयन की स्थिति
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर में 3,096 सीटों के मुकाबले 2,606 बच्चों का चयन हुआ है। बिलासपुर में 2,011 सीटों पर 1,059 चयन, दुर्ग में 1,427 सीटों पर 1,059, कोरबा में 613 सीटों पर 534 और जांजगीर-चांपा में 692 सीटों पर 500 बच्चों का चयन हुआ है। वहीं बस्तर में 137 में से 135 और नारायणपुर में 40 में से 35 सीटें भरी गई हैं।
इसके अलावा सरगुजा, बलौदाबाजार, महासमुंद, रायगढ़, कांकेर, बालोद, धमतरी सहित अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में बच्चों का चयन किया गया है, हालांकि कुछ जिलों में सीटों के मुकाबले चयन कम रहा है।
प्रवेश प्रक्रिया
चयनित बच्चों के अभिभावकों को 1 मई से संबंधित स्कूलों में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समयसीमा में प्रवेश नहीं लेने पर सीटें रिक्त मानी जाएंगी, जिन्हें अगले चरण में भरा जाएगा।
ये खबरें भी जरूर पढ़े-
- जग्गी हत्याकांड मामले में अमित जोगी को राहत देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, अगली सुनवाई 23 अप्रैल को
- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल में बड़ी कार्रवाई, ‘बादाम देने’ वाले वीडियो के बाद एक्शन
- जापान में 7.4 तीव्रता का भीषण भूकंप, इमारतें हिलीं; सुनामी का अलर्ट जारी
- टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी, इस बार भी खिताब दूर की कौड़ी
- रायपुर से मुंबई और पुणे के लिए दो समर स्पेशल ट्रेनें, आज खड़गपुर से रवाना गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, दोनों ट्रेनें एक-एक फेरे के लिए



















