रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 14 जून की रात विशेष चेकिंग के दौरान 50 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए। वहीं वर्ष 2026 में अब तक कुल 3461 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने रविवार रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने संचालित किया गया।

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 50 चालकों को पकड़ा गया। इनमें 35 कार चालक, 2 ई-रिक्शा/ऑटो चालक, 6 मोटरसाइकिल चालक, 4 टाटा एस चालक तथा 3 ट्रैक्टर एवं ट्रक चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार ड्रंक एंड ड्राइव अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात अनुशासन को बढ़ावा देना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन को भी खतरे में डालता है।
नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने और ट्रैफिक संकेतों एवं पुलिस निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

















