रायपुर। पुलिस ने साइंस कॉलेज मैदान में तोड़ी गई चौपाटी के पास भाजपाइयों द्वारा लगाए गए पश्चिम विधायक राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोतने वाले युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप उर्फ भक्कू समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। रिपोर्ट भाजपा नेता दिनेश तिवारी ने लिखाई है। युवक कांग्रेसियों ने साइंस कॉलेज चौपाटी को तोड़े जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रभावित दुकानदारों को व्यवस्थापित करने की मांग की गई थी। टीआई सरस्वती नगर नरेन्द्र साहू के मुताबिक आरोपियों के नाम जांच में सामने आएंगे। संपत्ति निरूपण अधिनियम की धारा 3, बीएनएस की धारा 324 (2) 352 के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
पूर्व विधायक ने उग्र प्रदर्शन व घेराव करने की दी चेतावनी
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने चौपाटी तोड़ने और युवक कांग्रेसियों पर एफआईआर के विरोध में प्रदर्शन तेज करने और थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यूथ हब तोड़कर युवाओं को दर्द देने वाली, सैकड़ों युवाओं को बेरोजगार करनी वाली बीजेपी सरकार अब युवाओं पर एफआईआर कर रही है। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक ने सवाल किया कि भाजपा सरकार और विधायक मूणत फूड कोर्ट वाली जगह को मास्टर प्लान का हवाला देकर आंदोलन कर रहे थे, अब क्या वह भूमि जहां नालंदा 2 बनाने का प्लान हो रहा है, क्या अब वह भूमि मास्टर प्लान में नहीं आएगी। जब कांग्रेस सरकार सुव्यवस्थित ढंग से फूड कोर्ट यूथ हब बना रही थी, तब भाजपा कहती थी वहां अपराधियों का जमघट रहेगा। महिला, छात्र-छात्राओं के साथ छेड़छाड़ होगी।



















