अहमदाबाद: भारतीय तटरक्षक बल ने एक संयुक्त अभियान में गुजरात तट के पास से पाकिस्तानी नाव को जब्त किया है. नौका से 86 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है, इसकी कीमत 600 करोड़ रुपये है. नाव में सवार 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि अरब सागर में रातभर का ऑपरेशन गुजरात आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनबीसी) के समन्वय से चलाया गया. 28 अप्रैल को चलाए गए इस ऑपरेशन में एजेंसी ने खुलासा नहीं किया है कि पाकिस्तानी नाव से किस तरह के नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं. ऑपरेशन के लिए तटरक्षक पोतों और विमानों को तैनात किया गया था.
बताया जाता है कि नशीली दवाओं से लदी नाव द्वारा अपनाई गई कोई भी रणनीति उसे नहीं बचा सकी. तटरक्षक बल ने कहा कि आईसीजी राजरतन की विशेषज्ञ टीम संदिग्ध नाव पर चढ़ गई और गहन जांच के बाद बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि की. इसके बाद पाकिस्तानी नाव को उसके 14 सदस्यीय चालक दल के साथ पकड़ लिया गया.
इससे पहले शनिवार को ही गुजरात एटीएस और एनबीसी की टीम ने गुजरात और राजस्थान में अवैध फैक्टरियों पर छापा मारकर 230 करोड़ रुपये से अधिक का प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स और रॉ मटेरियल जब्त किया था.


















