रायपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर वाहन चोर अभय दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभय दुबे उर्फ अमय दुबे (30) निवासी बलरामपुर हाल निवासी उरला, रायपुर बताया और चोरी की मोटरसाइकिल रखने की बात स्वीकार की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना भी कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



















