रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विप्र नगर (रायपुरा) में रविवार को 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन और महिला योग भवन व जुंबा केंद्र का लोकार्पण सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक राजेश मूणत ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व सांसद सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर की महापौर मीनल चौबे विशेष रूप से मौजूद रहीं।

गरीब और मध्यमवर्गीय बच्चों के लिए महतारी सदन
80 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आधुनिक बाल शिक्षा केंद्र तथा बाल देखभाल केंद्र की व्यवस्था की गई है। यहां बच्चों को निःशुल्क अथवा रियायती दर पर गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
महिलाओं के लिए योग और स्वास्थ्य सुविधाएं

40 लाख रुपये की लागत से निर्मित महिला योग भवन एवं जुंबा केंद्र महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां महिलाओं को योग, व्यायाम और स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त शासकीय महिला स्वास्थ्य एवं व्यायाम केंद्र बताया जा रहा है।
सामाजिक सहभागिता से होगा संचालन

परिसर के सुचारु संचालन और रखरखाव के लिए सामाजिक सहभागिता की व्यवस्था अपनाई गई है। टाटीबंध स्थित महतारी सदन की तर्ज पर विप्र नगर परिसर के संचालन की जिम्मेदारी प्रतिष्ठित संस्था महाराष्ट्र मंडल को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
विकास और सामाजिक सरोकार का उदाहरण : बृजमोहन अग्रवाल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गरीब और श्रमिक वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक बताया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ : राजेश मूणत

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी, वहीं महिला योग भवन मातृशक्ति के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने रायपुर पश्चिम को आदर्श और आत्मनिर्भर विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया।
महिलाओं और बच्चों के लिए लाभकारी पहल : मीनल चौबे
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह परिसर महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम इसके संचालन, स्वच्छता और रखरखाव में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।





















